दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या

टाउन थाना क्षेत्र के नेरी चरोखरा में शनिवार देर रात दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है.
लखीसराय. टाउन थाना क्षेत्र के नेरी चरोखरा में शनिवार देर रात दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पति सहित ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार बताये जा रहे हैं. मृतका की पहचान ऋतिक पासवान की 21 वर्षीय पत्नी सरस्वती कुमारी के रूप में हुई है. नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ससोर गांव निवासी मृतका के पिता दामोदर पासवान ने बताया कि शनिवार रात लगभग नौ बजे उन्हें फोन आया कि उनकी पुत्री की तबीयत खराब है. आनन-फानन में निजी वाहन से रात लगभग 12 बजे जब बेटी के घर पहुंचे तो बेटी अचेत रूप से घर में पड़ी थी. उनका दामाद सहित परिवार के सभी सदस्य घर से फरार थे. उन्होंने दामाद सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर उनकी बेटी का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया. स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हेंने अपनी बेटी को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल लाया. जहां इमरजेंसी वार्ड में ऑन ड्यूटी तैनात चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया. मृतका की मां रेणु देवी ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी, जिसमें ढाई लाख रुपये नगद सहित दहेज के रूप में कई कीमती सामान भी दिये थे. पिछले छह माह से उनका दामाद एक लाख नगदी सहित बाइक की मांग कर रहा था. उनकी बेटी के साथ बाइक सहित नगद के लिए दबाव बनाने के लिए अक्सर मारपीट भी करता था. मृतका को आठ माह की एक बच्ची भी है. इधर, घटना की जानकारी के बाद सुबह सदर अस्पताल पहुंच टाउन थाना पुलिस मामले की छानबीन व शव के पोस्टमार्टम से संबंधित कागजी कार्रवाई में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










