मॉडल हाई स्कूल खगौर की जर्जर छत बनी खतरा, बारिश में टपकता है पानी, चारदीवारी भी नहीं

जर्जर विद्यालय के छत
लखीसराय के मॉडल हाई स्कूल खगौर की जर्जर छत और टूटी चारदीवारी छात्रों के लिए खतरा बनी हुई है. बारिश में कमरों में पानी टपकता है और असुरक्षा का माहौल है. कब होगा इस समस्या का समाधान?
School News: लखीसराय जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मॉडल हाई स्कूल खगौर की स्थिति बदहाल हो गई है. विद्यालय भवन की छत जर्जर होने के कारण बारिश के दिनों में कमरों में पानी टपकता है. इससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
जर्जर छत से बढ़ा हादसे का खतरा
विद्यालय की छत कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है. बारिश होने पर पानी सीधे कमरों में टपकता है, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है. शिक्षक और छात्र-छात्राएं हर समय इस चिंता में रहते हैं कि कहीं छत का कोई हिस्सा गिर न जाए.
चारदीवारी नहीं, मनचलों का बना अड्डा
विद्यालय में चारदीवारी नहीं होने के कारण परिसर में असामाजिक तत्वों और मनचले युवकों का जमावड़ा लगा रहता है. इससे विद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है.
बारिश में कमरों तक पहुंच जाता है पानी
School News: विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई नहीं होने से हल्की बारिश में भी जलजमाव हो जाता है. भवन की बनावट ऐसी है कि खिड़कियां बंद रहने के बावजूद बारिश का पानी कमरों में प्रवेश कर जाता है. इससे छात्रों और शिक्षकों को पढ़ाई के दौरान काफी परेशानी उठानी पड़ती है.
मरम्मत और चारदीवारी का मिला आश्वासन
हाल ही में विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई के लिए ठेकेदार पहुंचा था, लेकिन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने पहले जर्जर छत की मरम्मत और चारदीवारी निर्माण की मांग उठाई. सर्व शिक्षा अभियान के जूनियर इंजीनियर ने पहले छत की मरम्मत कराने और उसके बाद चारदीवारी निर्माण तथा मिट्टी भराई कराने का आश्वासन दिया है.
राशि मिलने पर होगा कार्य: डीपीओ
सर्व शिक्षा अभियान की डीपीओ सीमा कुमारी ने बताया कि फिलहाल संबंधित मद में राशि उपलब्ध नहीं है. इसी कारण नए कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जैसे ही राशि उपलब्ध होगी, विद्यालय की छत की मरम्मत, बाउंड्री वॉल निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










