लखीसराय में चलती गाड़ी का पहिया निकला, सड़क पर पलटा ई-रिक्शा, तीन महिलाएं घायल

Updated:
विज्ञापन

Lakhisari Accident News: लखीसराय जिले के नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. गढ़ी बिशनपुर पेट्रोल पंप के समीप चलती ई-रिक्शा का पहिया अचानक निकल गया, जिससे वाहन पलट गया और उसमें सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

विज्ञापन

लखीसराय से अजीत सिंह व देव कुमार की रिपोर्ट : लखीसराय में एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन के खराब रखरखाव ने हादसे को जन्म दिया. नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी बिशनपुर पेट्रोल पंप के पास शनिवार को चलती ई-रिक्शा का पहिया अचानक निकल गया. पहिया निकलते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं.

मौके पर जुटी भीड़, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और ई-रिक्शा में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

तीनों घायल महिलाएं गोविंदपुर गांव की रहने वाली

घायल महिलाओं की पहचान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर गोविंदपुर गांव निवासी तनिक मंडल की पत्नी अनिया देवी, विपिन महतो की पत्नी बेबी देवी और कमल किशोर सिंह की पत्नी प्रतिमा देवी के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में भी चिंता का माहौल बना रहा.

लखीसराय आने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, तीनों महिलाएं गोविंदपुर गांव से ई-रिक्शा पर सवार होकर लखीसराय आ रही थीं. इसी दौरान गढ़ी बिशनपुर पेट्रोल पंप के समीप अचानक वाहन का पहिया निकल गया और ई-रिक्शा पलट गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि ई-रिक्शा की हालत पहले से खराब दिखाई दे रही थी.

दो का सदर अस्पताल में इलाज, एक निजी क्लीनिक में भर्ती

फिलहाल दो घायल महिलाओं का इलाज सदर अस्पताल लखीसराय में चल रहा है, जबकि एक महिला को बेहतर इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है.

वाहनों के रखरखाव पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़कों पर चल रहे ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन