किशनगंज एमजीएम मेडिकल कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस की धूम: मेडिको छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से फहराया तिरंगा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
झंडोंतोलन में यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार व अन्य | Prabhat Khabar Network
किशनगंज स्थित माता गुजरी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा. मेडिको छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एक अनूठी मिसाल पेश की. छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया.
किशनगंज स्थित माता गुजरी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति अधिक समर्पित करने और बेहतर परिणाम के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक अनोखी व सराहनीय पहल की गई, जिसके तहत मेडिको छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया.
मेडिको छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
ध्वजारोहण के उपरांत कॉलेज परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया.
मेडिको छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य, गायन और प्रेरणादायी प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और सहपाठियों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों तथा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा.
'देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का लें संकल्प': रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत
समारोह को संबोधित करते हुए माता गुजरी यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. इच्छित भारत ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लेने का पावन अवसर है.
उन्होंने भावी डॉक्टरों से आह्वान किया कि वे अपनी उच्च शिक्षा, सेवा भावना और समर्पण के बल पर राष्ट्र के विकास व स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें.
एमजीएम ट्रस्टी एवं गणमान्य लोग रहे उपस्थित
स्वतंत्रता दिवस के इस गरिमामय आयोजन के दौरान संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी और ट्रस्टी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
कार्यक्रम में ट्रस्टी रामअवतार जालान और गौरी शंकर अग्रवाल सहित संस्थान के अन्य ट्रस्टी, चिकित्सक, प्राध्यापक, कॉलेज कर्मी और बड़ी संख्या में मेडिको छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









