कलश यात्रा के साथ हुआ हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ
Updated at : 22 Mar 2026 7:02 PM (IST)
विज्ञापन

कलश यात्रा के साथ हुआ हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ
विज्ञापन
बूढ़ी कनकई नदी के पवित्र जल से कलश स्थापना, ”हरे कृष्णा” के जयघोष से गुंजायमान हुआ क्षेत्र
84 घंटों तक अनवरत चलेगा प्रभु नाम का जाप, सुख-समृद्धि की कामना हेतु उमड़ा जनसैलाब
पौआखाली. ठाकुरगंज प्रखंड की भौलमारा पंचायत अंतर्गत रानीगंज दस्तूर गांव इन दिनों पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में डूबा हुआ है. रविवार से यहां 84 घंटे के ”श्री श्री 108 अखंड हरिनाम संकीर्तन” अनुष्ठान का भव्य आगाज हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत एक अत्यंत आकर्षक व विशाल कलश यात्रा के साथ की गयी, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं व कन्याओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. गाजे-बाजे व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र में भक्ति की बयार बहा दी.
कलश यात्रा के दौरान पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर गांव का भ्रमण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए ”जय श्री राम” व ”हरे कृष्णा” के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा. क्षेत्र के पबना स्थित बूढ़ी कनकई नदी से पवित्र जल भरने के बाद, कलशों को अनुष्ठान स्थल (मंडप) पर विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया. आयोजन समिति ने मंडप को विशेष रूप से सजाया है, जहां भगवान की मनमोहक प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.बिना रुके 84 घंटों तक गूंजेगा हरिनाम
आयोजन समिति के सदस्य सुजय कुमार सिन्हा, रोहित सिन्हा, रवि सिन्हा, जयतोष, संजीत व अन्य सहयोगियों ने बताया कि यह अनुष्ठान लगातार 84 घंटों तक चलेगा. इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित कीर्तन मंडलियां अष्टयाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगी. बिना किसी अंतराल के भगवान के नाम का जाप चलता रहेगा, जिससे क्षेत्र की नकारात्मक ऊर्जा का नाश होगा. श्रद्धालुओं के लिए आयोजन स्थल पर महाप्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गयी है.सामाजिक समरसता व शांति का संदेश
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में रानीगंज दस्तूर, खानाबाड़ी, नयागंज, चांद पटवा व सरायकुड़ी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं. ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल मन को शांति मिलती है, बल्कि समाज में सुख-शांति व समृद्धि का वास होता है. हरिनाम के श्रवण से जीवन के क्लेश दूर होते हैं और श्रद्धा-भक्ति का भाव जाग्रत होता है. आयोजन को लेकर पूरे ठाकुरगंज प्रखंड में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




