खेल शारीरिक फिटनेस व अनुशासन करता विकसित :डीएम

गुरुवार से जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ किया गया. यह तीन दिवसीय खेल महोत्सव नौ से 11 अक्टूबर चलेगा
किशनगंज गुरुवार से जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ किया गया. यह तीन दिवसीय खेल महोत्सव नौ से 11 अक्टूबर चलेगा. प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिष्ठित अशफाक उल्लाह खां खगड़ा स्टेडियम, सम्राट अशोक भवन, खेल भवन किशनगंज में किया गया है. इस आयोजन में जिले के सभी प्रखंडों के विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं. इस वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारना, युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना और राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए नयी पीढ़ी को तैयार करना है. मुख्य अतिथि के रूप में आये कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विशाल राज ने किया. उनके साथ मंच पर अतिथि के रूप में जिला स्तरीय सभी पदाधिकारीगण, खेल विभाग के पदाधिकारीगण तथा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे. उद्घाटन सत्र की शुरुआत द्विप प्रज्ज्वलित, बिहार गीत और मार्च-पास्ट के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने अपने विद्यालयों के बैनर तले अनुशासन और उत्साह का अद्भुत प्रदर्शन किया. जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का साधन नहीं बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करने का माध्यम है. खेल को खेल भावना से खेलने का सभी प्रयास करेंगे किशनगंज की धरती ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और इस प्रकार के आयोजन से आने वाले वर्षों में जिले से राज्य और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अवश्य निकलेंगे. पहले ही दिन से मैदानों पर जोश और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला. किशनगंज, ठाकुरगंज, टेढागाछ, दिघलबैंक, कोचाधामन और पोठिया बहादुरगंज प्रखंडों से आए विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे. बालिकाओं में भी अभूतपूर्व उत्साह देखा गया. विशेषकर एथलेटिक्स, कबड्डी क्रिकेट, ताइक्वांडो, योगा और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




