पौआखाली के गुदरी बाजार में महीनों से पसरा कचरा, दुर्गंध और मक्खियों से लोग परेशान

Updated:
विज्ञापन
पौआखाली के गुदरी बाजार में महीनों से पसरा कचरा, दुर्गंध और मक्खियों से लोग परेशान

पौआखाली के गुदरी बाजार में जमा कचरे का ढेर

Pauakhali Garbage Issue: स्थानीय निवासियों ने कहा कि यदि नगर पंचायत के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का यह हाल है तो दूरदराज के वार्डों और टोलों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है.

विज्ञापन

पौआखाली से रणविजय की रिपोर्ट:

Pauakhali Garbage Issue: नगर पंचायत पौआखाली के वार्ड संख्या 06 स्थित गुदरी बाजार क्षेत्र में महीनों से जमा कचरे का ढेर स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना हुआ है. गुदरी बाजार से सटे गुड़ बिक्री स्थल के आसपास कचरे के अंबार से दुर्गंध फैल रही है, जबकि मक्खियों के बढ़ते प्रकोप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है.

व्यस्त बाजार में बदहाल सफाई व्यवस्था

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुदरी बाजार नगर पंचायत का एक प्रमुख और व्यस्त बाजार है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं. इसके बावजूद यहां सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है. कचरे के ढेर से उठने वाली बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

नियमित सफाई नहीं होने का आरोप

नागरिकों का आरोप है कि सफाई कर्मियों की पहुंच इस क्षेत्र तक होने के बावजूद नियमित सफाई नहीं होने से यह समस्या लगातार बनी हुई है. लोगों का कहना है कि संबंधित जनप्रतिनिधि और नगर पंचायत प्रशासन भी स्थिति से अवगत हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

बरसात में बढ़ सकता है बीमारी का खतरा

स्थानीय निवासियों ने कहा कि यदि नगर पंचायत के सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का यह हाल है तो दूरदराज के वार्डों और टोलों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है.

लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से गुदरी बाजार में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे का तत्काल निष्पादन कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि बरसात के मौसम में गंदगी और जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

जल्द सफाई कराने का आश्वासन

वार्ड संख्या 06 के पार्षद प्रतिनिधि असलम आजाद उर्फ बबलू ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने कहा कि संबंधित सफाई कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं और जल्द ही कचरे का उठाव कर क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित की जाएगी.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन