सरकारी ड्यूटी से लौट रहे एमवीआई पर हमला, 25-30 लोगों पर केस, एक हिरासत में
परिवहन विभाग कार्यलय। | Prabhat Khabar Network
सरकारी कार्य के दौरान किशनगंज में परिवहन विभाग के मोटरयान निरीक्षक पर 25-30 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया. घटना में बालू वाहनों के चालान को लेकर विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
किशनगंज. जिले में सरकारी कार्य के दौरान परिवहन विभाग के मोटरयान निरीक्षक रविंद्र कुमार राग के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है. घटना बोमावस्ती गाछपाड़ा के समीप हुई. पीड़ित अधिकारी के आवेदन पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सरकारी गाड़ी रोककर किया हमला
जानकारी के अनुसार एमवीआई रविंद्र कुमार राग पोठिया थाना में जब्त एक वाहन की यांत्रिक जांच कर सरकारी वाहन से किशनगंज लौट रहे थे. इसी दौरान बोमावस्ती गाछपाड़ा के पास उनकी गाड़ी रोक दी गई. आरोप है कि वहां मौजूद 25-30 लोगों की भीड़ ने उन्हें और साथ में मौजूद सिपाही को वाहन से उतारकर गाली-गलौज और मारपीट की.
बालू वाहनों के चालान को लेकर जताई नाराजगी
एमवीआई ने बताया कि भीड़ का आरोप था कि वे बालू वाहनों का ओवरलोडिंग चालान कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के समय उन्होंने किसी भी वाहन का चालान नहीं किया था. इसके बावजूद भीड़ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने तथा बालू खदान में गाड़ देने की धमकी दी.
पुलिस ने अधिकारी को सुरक्षित निकाला
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने मौके से गाछपाड़ा वार्ड संख्या-09 निवासी अबू बकर नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया.
25-30 अज्ञात लोगों पर भी प्राथमिकी
एमवीआई के आवेदन पर अबू बकर सहित 25-30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
Kishanganj News: सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मुकेश कुमार
मुकेश कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. किशनगंज प्रखंड क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










