किशनगंज में 21 घंटे लेट चली ट्रेनें, स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी
Train Alert
Kishanganj Train Alert: किशनगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की रफ्तार रविवार को पूरी तरह पटरी से उतर गई. कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों देरी से चलीं, जबकि कुछ ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
Kishanganj Train Alert: किशनगंज से अवधेश यादव की रिपोर्ट. बिहार के किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को ट्रेनों के विलंब और रद्द होने का असर साफ देखने को मिला. लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें 1 घंटे से लेकर 21 घंटे तक की देरी से चलीं. सबसे ज्यादा देरी 05634 नरंगी स्पेशल में दर्ज की गई, जो करीब 21 घंटे 51 मिनट विलंब से पहुंची. ट्रेन संचालन प्रभावित होने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ और बेचैनी दोनों बढ़ गई.
राजधानी समय पर, बाकी ट्रेनों ने बढ़ाई मुश्किलें
जहां एक ओर 20504 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस और 12424 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर चलीं, वहीं दूसरी ओर कई महत्वपूर्ण ट्रेनें घंटों लेट रहीं. नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस 8 घंटे 7 मिनट, सरायघाट एक्सप्रेस 8 घंटे 19 मिनट और पदातिक एक्सप्रेस लगभग 8 घंटे की देरी से चली. इससे यात्रियों के यात्रा कार्यक्रम पूरी तरह प्रभावित हो गए.
स्टेशन पर इंतजार करते रहे यात्री
ट्रेनों की लगातार देरी के कारण किशनगंज स्टेशन पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. कई यात्री प्लेटफॉर्म पर रात गुजारते दिखे तो कुछ लोग लगातार ट्रेन अपडेट लेने में लगे रहे. खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी.
पूर्वोत्तर और बंगाल रूट की ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित
गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, कोलकाता और सियालदाह रूट की ट्रेनों पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिला. ब्रह्मपुत्र मेल, कंचनकन्या एक्सप्रेस, अगरतला हमसफर एक्सप्रेस और दार्जिलिंग मेल जैसी ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं. वहीं कुछ समर स्पेशल ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी रही.
यात्रियों ने मांगी बेहतर सूचना व्यवस्था
कई यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन पर बेहतर सूचना व्यवस्था की मांग की. यात्रियों का कहना था कि ट्रेनों की सटीक जानकारी समय पर नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ जाती है. रेलवे की ओर से हालांकि लगातार ट्रेन अपडेट डिस्प्ले बोर्ड और अनाउंसमेंट के जरिए दी जाती रही.
Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










