तिरंगा यात्रा से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा किशनगंज, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
तिरंगा यात्रा में शामिल कांग्रेस विधायक, एआईएमआईएम विधायक, डीएम, एसपी व अन्य | Prabhat Khabar Network
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किशनगंज में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत अधिकारी और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।
किशनगंज : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को किशनगंज शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस व एसएसबी के जवान, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक यात्रा में शामिल हुए. भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा और माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया.
तिरंगा यात्रा की शुरुआत पश्चिमपाली चौक से हुई. यहां से यात्रा चुड़ीपट्टी, फल चौक, गांधी चौक, डी मार्केट सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए डे मार्केट स्थित मातृ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई. करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबी यात्रा में लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया.
यात्रा में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, किशनगंज सदर विधायक कमरुल होदा, कोचाधामन विधायक सरवर आलम, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहाबुल अख्तर, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, मनीष जालान, रेड क्रॉस के सचिव मिक्की साहा, परवेज आलम उर्फ गुड्डू, इमाम अली, शमशुल हुदा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस जवान और आम नागरिक शामिल हुए.
तिरंगा यात्रा के दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया. हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से रंगा नजर आया. यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया.
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की. साथ ही हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं गरिमा को बनाए रखने का आह्वान किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










