प्रभात खबर की खबर का असर, चेंगा नदी पर पुल निर्माण को लेकर प्रशासन हरकत में, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

फोटो: सखुआडाली में स्थल निरीक्षण करते अधिकारी
ठाकुरगंज प्रखंड की सखुआडाली पंचायत में पुल नहीं होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को कमर भर पानी से नदी पार करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया है।
Kishanganj Bridge: ठाकुरगंज प्रखंड की सखुआडाली पंचायत के वार्ड संख्या-03 में पुल के अभाव में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों को कमर भर पानी में नदी पार करने की मजबूरी की खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को चेंगा नदी का स्थलीय निरीक्षण किया.
अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
निरीक्षण टीम में प्रखंड विकास पदाधिकारी आशीष कुमार, अंचलाधिकारी मृतुन्जय कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुज कुमार शर्मा, ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, सहायक अभियंता अरविन्द कुमार और कनीय अभियंता दिनेश कुमार शामिल थे. अधिकारियों ने नदी की धारा, जलस्तर, आवागमन की स्थिति तथा पुल निर्माण की आवश्यकता का विस्तृत आकलन किया.
तत्काल राहत के लिए चचरी पुल बनाने का निर्देश
Kishanganj Bridge: मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत के बाद बीडीओ आशीष कुमार ने विकास मित्र और संबंधित वार्ड सदस्य को तत्काल बांस की चचरी पुल बनाने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन की अस्थायी सुविधा मिल सके.
सड़क बनी, लेकिन पुल नहीं बनने से अधूरा रह गया लाभ
ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत मुंशीभिट्ठा से नेमुभिट्ठा तक तीन किलोमीटर से अधिक लंबी सड़क का निर्माण कराया गया है, लेकिन मार्ग में दो स्थानों पर पुल नहीं बनने के कारण बरसात में सड़क का लाभ नहीं मिल पा रहा है. जलस्तर बढ़ते ही लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है.
दो दिनों से कमर भर पानी पार कर स्कूल पहुंच रहे शिक्षक
ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार और बुधवार दोनों दिन चेंगा नदी में तेज बहाव के बावजूद शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण कमर भर पानी में उतरकर नदी पार करने को मजबूर रहे. शिक्षकों ने इसी तरह विद्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. इससे स्थायी पुल निर्माण की मांग और तेज हो गई है.
पुल निर्माण की प्रक्रिया जारी : कार्यपालक अभियंता
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार ने बताया कि संबंधित सड़क का निर्माण पहले ही कराया जा चुका है. अब दो स्थानों पर पुल निर्माण की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि ठाकुरगंज विधायक द्वारा पुल निर्माण की अनुशंसा की गई है तथा विभाग इस दिशा में आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्रवाई कर रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










