किशनगंज के बच्चों का ताइक्वांडो मुकाबले में शानदार प्रदर्शन, उत्पल व पायल ने जीते स्वर्ण पदक

जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के ताइक्वांडो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है.
किशनगंज .जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के ताइक्वांडो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. प्रतियोगिता में जिले के कई होनहार बच्चों ने भाग लिया, जिनमें उत्पल और पायल ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर सीधे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान सुनिश्चित कर लिया. ये दोनों खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किशनगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे.अन्य प्रतिभागियों में जिज्ञासा, लक्ष्य, सदफ ने रजत पदक (सिल्वर) और दिव्यांषा ने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज) हासिल किया. इन खिलाड़ियों ने पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते थे, जिसके आधार पर उन्हें प्रमंडल स्तर पर भाग लेने का अवसर मिला. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले के खेल विभाग, अभिभावकों और प्रशिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है. जिला खेल पदाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन बच्चों की मेहनत और लगन ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे जिले से भी राष्ट्रीय स्तर तक की उड़ान भरी जा सकती है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जो न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि होगी, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बनेगा. इस सफलता के पीछे प्रशिक्षकों की मेहनत, विद्यालयों के सहयोग और अभिभावकों के प्रोत्साहन का विशेष योगदान रहा है. जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण कदम है. जिला प्रशासन और खेल विभाग ने इन सभी विजयी खिलाड़ियों को बधाई दी है और आशा जताई है कि वे राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम और ऊंचा करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




