पौआखाली: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, वक्ताओं ने राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया

Updated:
विज्ञापन

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित एनडीए कार्यक्रतागण | Prabhat Khabar Network

किशनगंज के पौआखाली में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. इस अवसर पर राष्ट्रीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भारत के महान नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

विज्ञापन

पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को किशनगंज जिले के पौआखाली नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विभिन्न घटक दलों के प्रमुख नेताओं, कार्यकर्ताओं और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर देश के महान राजनेता, दूरदर्शी नेता और प्रखर कवि अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए. इसके बाद वक्ताओं ने उनके विराट व्यक्तित्व, कृतित्व और भारतीय राजनीति में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में शुचिता, सिद्धांत, संवेदनशीलता और उच्च नैतिक मूल्यों के अप्रतिम प्रतीक रहे हैं.

राष्ट्र निर्माण और वैश्विक मंच पर भारत की पहचान

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एक कुशल प्रशासक और प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने देश के समग्र विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा के सशक्तिकरण और वैश्विक कूटनीति के मंच पर भारत को एक मजबूत पहचान दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई.

उनका पूरा राजनीतिक जीवन सत्ता प्राप्ति से परे राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति पूर्ण समर्पण का अनुपम उदाहरण रहा है. उनकी ओजस्वी वाणी, सहज व्यवहार और सर्वसमावेशी सोच आज भी देश की युवा पीढ़ी और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को सही दिशा दिखाती है.

विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने इस बात पर बल दिया कि पूर्व प्रधानमंत्री के विचारों, सिद्धांतों और आदर्शों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.

इस श्रद्धांजलि सभा में जदयू नेता मनोज कुमार साह, पूर्व मुखिया अजय सिन्हा, नगर जदयू अध्यक्ष हबेवुर रहमान, रालोमो के प्रखंड अध्यक्ष नायाब अनवर, सामाजिक कार्यकर्ता नौशाद आलम, सुजय सिन्हा, पशुपति साह, बजरंगी ठाकुर, अंकित झा, अभिषेक सिन्हा, राकेश साह, वीर ठाकुर सहित एनडीए के अनेक कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके बताए राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के मार्ग पर निरंतर चलने का सामूहिक संकल्प लिया.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन