एनएच 27 पर बेलगाम ट्रक ने व्यक्ति को कुचला, मौके पर ही मौत

एनएच 27 पर बेलगाम ट्रक ने व्यक्ति को कुचला, मौके पर हुई मौत
हादसा: वीर कुंवर सिंह बस टर्मिनल के पास सड़क पार करने के दौरान हुई घटना, ट्रक जब्त, शव की पहचान में जुटी पुलिसकिशनगंज. सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर कुंवर सिंह बस टर्मिनल के समीप एनएच 27 पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गयी. तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतक का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है.
सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त व्यक्ति बस स्टैंड के मुख्य प्रवेश द्वार के पास से सड़क पार कर आगे की ओर बढ़ रहा था. इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर लगते ही व्यक्ति दूर जाकर जमीन पर गिरा व ट्रक का पहिया उसे कुचलता हुआ निकल गया. मृतक के सिर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चेहरे की पहचान नहीं हो पा रही है.
पीले रंग का स्वेटर पहने हुए है मृतक
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस के अनुसार, मृतक पीले रंग का स्वेटर पहने हुए है. पुलिस आसपास के गांवों और अन्य थानों से संपर्क कर हुलिए के आधार पर शव की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है. मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल शव की पहचान प्राथमिकता है, इसके लिए जिले के सभी थानों को सूचित कर दिया गया है. घटना के बाद बस टर्मिनल के पास काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही.
———
वीरकुंवर सिंह बस टर्मिनल पर फुट ओवरब्रिज की मांग, पैदल यात्रियों की जान जोखिम में
किशनगंज. शहर के व्यस्ततम वीरकुंवर सिंह बस टर्मिनल के पास सड़क पार करना इन दिनों जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है. टर्मिनल के सामने तेज रफ्तार वाहनों के दबाव को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए अविलंब फुट ओवरब्रिज (एफओबी) निर्माण की मांग उठाई है. रफ्तार के बीच बेबस राहगीरबस टर्मिनल होने के कारण यहां दिन-रात बसों, ट्रकों और अन्य छोटे-बड़े वाहनों का रेला लगा रहता है. सड़क के दोनों लेन में वाहन इतनी तेज गति से गुजरते हैं कि यात्रियों को दूसरी ओर जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है. सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और उन यात्रियों को होती है जिनके पास भारी सामान होता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जरा सी चूक यहां किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है.दुर्घटना की बनी रहती है आशंकास्थानीय निवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर पूर्व में भी कई छोटी-बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं. तेज रफ्तार भारी वाहनों के बीच से जान हथेली पर रखकर सड़क पार करना लोगों की मजबूरी बन गई है. लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना यहां पैदल यात्रियों की आवाजाही को दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




