चार पहिया वाहन की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
सांकेतिक तस्वीर
खगड़िया में दहेज में चार पहिया वाहन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला गया। पुलिस ने पति सहित चार लोगों पर मामला दर्ज किया है।
गोगरी (खगड़िया) : दहेज में चार पहिया वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने पसराहा थाना में लिखित आवेदन देकर पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
2022 में कोर्ट मैरेज, 2023 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी
पसराहा थाना क्षेत्र के पीपरपांति कोयला निवासी शालेंद्र सिंह की पुत्री रौशनी कुमारी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 19 फरवरी 2022 को भागलपुर व्यवहार न्यायालय में संतोष कुमार के साथ कोर्ट मैरेज हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों की सहमति से 3 जुलाई 2023 को तेतरी पकरा दुर्गास्थान मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई. शादी के बाद दोनों से एक संतान भी हुई.
पीड़िता के अनुसार, शादी के कुछ दिनों तक ससुराल में सब कुछ ठीक रहा. इसके बाद पति संतोष कुमार, गोतनी सुमन देवी, भैसुर रंजन मंडल और जेठानी मौसमी कुमारी द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.
सात लाख रुपये के सामान देने के बाद भी चार पहिया वाहन की मांग
रौशनी कुमारी ने आरोप लगाया कि शादी के दौरान उनके पिता ने फर्नीचर, बर्तन, अलमारी, वाशिंग मशीन, फ्रिज, टीवी सहित अन्य सामान दिया था. इन सामानों की कीमत करीब सात लाख रुपये बतायी गयी है. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग चार पहिया वाहन की मांग करने लगे.
पीड़िता ने बताया कि उसके पिता ने शादी में कर्ज लेकर खर्च किया था और आर्थिक रूप से परेशान थे. चार पहिया वाहन देने में असमर्थता जताने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार और प्रताड़ना बढ़ गयी.
मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि पति, जेठानी, गोतनी और भैसुर उसे घर में बंद कर मारपीट करते थे. घटना के दिन उसके कपड़े और आभूषण छीन लिये गये तथा उसके साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने भी अन्य आरोपितों का साथ देते हुए उसके साथ मारपीट की और धक्का देकर घर से बाहर कर दिया.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
इधर, पसराहा थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि विवाहिता के लिखित आवेदन के आधार पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रणवीर कुमार
रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










