जनप्रतिनिधियों ने जमीन दाता से अनुरोध कर विद्यालय के रास्ता विवाद को कराया समाप्त, स्कूली बच्चों को मिली आवागमन की सुविधा

शिक्षक समेत स्कूली बच्चों को विद्यालय आवाजाही में हो रही असुविधा समाप्त हो जाएगी.
बेलदौर. प्रखंड क्षेत्र के कैंजरी पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय इटहरी बासा परिसर में जनप्रतिनिधियों की बैठक हुयी. बैठक में जमीनदाता से जनप्रतिनिधियों ने रास्ते की जमीन के लिए अनुरोध किया. विद्यालय के आवागमन को लेकर वर्षों पूर्व से चल रहे रास्ता विवाद को समाप्त कराया गया. बैठक की अध्यक्षता पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि चंदन कुमार ने की. उक्त बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विद्यालय के उत्तर दिशा में 13 फीट चौड़ी सड़क बनाई जाएगी. जिससे शिक्षक समेत स्कूली बच्चों को विद्यालय आवाजाही में हो रही असुविधा समाप्त हो जाएगी. इस दौरान उक्त भूखंड के रैयत सुरेश पंडित ने भी सराहनीय पहल करते हुए बिना किसी दबाव और भेदभाव के रास्ता निर्माण के लिए अपनी जमीन देने की सहमति जतायी. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उक्त जमीन बिहार सरकार के नाम दान पत्र के माध्यम से गोगरी रजिस्ट्री कार्यालय में हस्तांतरित करेंगे. बताया गया कि यह जमीन खाता संख्या 193 और खसरा संख्या 1673 में दर्ज है. बैठक में विधायक प्रतिनिधि नूतन कुमार सिंह पटेल, पूर्व मुखिया विनय कुमार सिंह, इंदल यादव, किसान नेता शैलेंद्र वर्मा, पंसस प्रतिनिधि राजीव सहनी, महेश्वर प्रसाद, रामविलास वर्मा, पैक्स अध्यक्ष सूरज कुमार आदि मौजूद थे. बैठक के दौरान जदयू नेता नूतन कुमार सिंह पटेल ने कहा कि यह विवाद वर्षों से लंबित था. जिसे अब सर्वसम्मति से समाप्त कर दिया गया है. उन्होंने कैंजरी पंचायत में उच्च विद्यालय भवन निर्माण के लिए जमीन चिन्हित कर सरकार को प्रस्ताव भिजवाने की भी बात कही. साथ ही काली कोसी नदी पर पुल निर्माण और क्षेत्र में अस्पताल भवन बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया. वहीं शिक्षक नेता ब्रजेश कुमार ने कहा कि विद्यालय का रास्ता विवाद समाप्त होना शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने उच्च विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए जल्द नए भवन निर्माण की आवश्यकता है. ताकि सुदुरवर्ती इलाके के बच्चों को भविष्य ग्रामीण माहौल में भी उत्कृष्ट बन सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




