सलारपुर चौक पर रंगदारी के खिलाफ फूटा टोटो चालकों का गुस्सा, दर्जनों चालक पहुंचे थाना

Updated:
विज्ञापन
थाना पहुंचे टोटो एवं ओटो चालक | Prabhat Khabar Network

थाना पहुंचे टोटो एवं ओटो चालक | Prabhat Khabar Network

सलारपुर चौक पर रंगदारी और अवैध वसूली के विरोध में दर्जनों टोटो और ऑटो चालकों ने परबत्ता थाना पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. चालकों ने जबरन पैसे वसूले जाने और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया.

विज्ञापन

खगड़िया : प्रखंड क्षेत्र के सलारपुर चौक पर कथित रंगदारी और अवैध वसूली के विरोध में दर्जनों टोटो एवं ऑटो चालक शनिवार को परबत्ता थाना पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. चालकों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से कुछ लोग वाहन चालकों से जबरन रुपये वसूल रहे हैं, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.

ऑटो चालक संघ सलारपुर-नारायणपुर के अध्यक्ष चंदन कुमार उर्फ अमर कुमार ने थाना में दिए आवेदन में चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि सलारपुर और नारायणपुर के बीच प्रतिदिन करीब 250 से 300 ऑटो और टोटो का परिचालन होता है. आरोप है कि चौक पर कुछ लोग वाहन रोककर चालकों से 20 से 30 रुपये तक की रंगदारी वसूलते हैं. विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती है.

संघ अध्यक्ष ने आवेदन में आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर कोलवारा के जंगल की ओर ले जाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई. इस दौरान मोटी रकम की मांग की गई और नकद रुपये नहीं होने पर क्यूआर कोड के माध्यम से एक हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी किसी को देने पर गोली मारने की धमकी दी गई.

मामले को लेकर दर्जनों टोटो चालक थाना परिसर पहुंचे और सुरक्षा के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. चालक कुमोद कुमार, सर्वेश कुमार, राजीव कुमार, अमित शाह, धीरज कुमार, मिथुन कुमार सहित एक दर्जन से अधिक चालकों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की.

परबत्ता थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.


विज्ञापन
पलटू झा

लेखक के बारे में

By पलटू झा

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन