जुगाड़ से बनी सड़क ने खींचा सबका ध्यान, वायरल तस्वीरों ने पंचायत की व्यवस्था पर उठाए सवाल
कन्हैयाचक मिश्र बंधु टोला में जर्जर सड़क पर लोगों द्वारा पॉलिथीन बिछाकर बनाया गया अस्थायी जुगाड़ू रास्ता.
Parbatta Jugaad Road Viral: परबत्ता नगर पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित कन्हैयाचक मिश्र बंधु टोला की एक सड़क इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है. बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव से परेशान लोगों ने सड़क पर पॉलिथीन बिछाकर जुगाड़ से रास्ता तैयार किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए हैं.
परबत्ता से संवाददाता की रिपोर्ट:
Parbatta Jugaad Road Viral: जानकारी के अनुसार यह सड़क परबत्ता विधानसभा के भूतपूर्व विधायक स्वर्गीय रामचंद्र मिश्रा के आवास तक जाती है. लंबे समय से सड़क जर्जर स्थिति में है और बारिश के बाद यहां कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मजबूरी में पूर्व विधायक के परिवार और आसपास के लोगों ने सड़क पर पॉलिथीन बिछाकर अस्थायी रास्ता बनाया, ताकि आने-जाने वालों को कुछ राहत मिल सके.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
इस “जुगाड़ तकनीक” की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. लोगों ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं और नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.
कई लोगों ने कहा कि जब नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तब एक पूर्व विधायक के आवास तक जाने वाली सड़क की यह स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है.
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. वर्षों से इस सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है. बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी होती है.
प्रशासन पर उठे सवाल
वायरल तस्वीरों के बाद नगर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर सवाल तेज हो गए हैं. लोगों का कहना है कि विकास कार्यों की वास्तविकता जमीनी स्तर पर स्पष्ट हो रही है.
स्थानीय नागरिकों ने सड़क के जल्द पक्कीकरण और उचित जलनिकासी व्यवस्था की मांग की है.
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि का बयान
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि रंजीत कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार पहल की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य बरसात से पहले हर हाल में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










