सड़क निर्माण कार्य में गड़बड़ी से ग्रामीणों में आक्रोश

नाराज ग्रामीण विभागीय अधिकारी का ध्यानाकृष्ट कराते स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं
बेलदौर. प्रखंड के माली एनएच 107 से विशनपुर -कैंजरी सड़क निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का धड़ल्ले से उपयोग किए जाने से पोषक क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. नाराज ग्रामीण विभागीय अधिकारी का ध्यानाकृष्ट कराते स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पथ के निर्माण कार्य में न तो गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है और न ही निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पथ में जहां-जहां ढलाई की गई है, न तो अच्छी क्वालिटी की सामग्री का उपयोग किया गया एवं ढलाई के बाद पीसीसी पर पानी का छिड़काव (क्योरिंग) नहीं होने से सड़क की मजबूती पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है. ग्रामीणों को आशंका है कि मानक के विपरीत करवाये जा रहें से पथ का टिकाउपन पर संशय की स्थिति बनी रहेगी. वहीं सड़क निर्माण में कई स्थानों पर गड्ढे बने हुए हैं, जिससे पानी जमा हो जाता है. इससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है. सड़क पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा रहता है. ग्रामीणों ने बताया उक्त पथ का निर्माण कार्य अकुशल श्रमिकों के भरोसे छोड़ दिया गया है. गुणवत्तापूर्ण कार्य को लेकर कार्यस्थल पर जेई तक मौजूद नहीं रहते हैं. ऐसे में विभागीय पदाधिकारियों की लापरवाही एवं संवेदक की मनमानी का खामियाजा पोषक क्षेत्र के लोगों को भुगतना होगा. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त निर्माण कार्य संवेदक अनुज कुमार (श्रीपुर, मधेपुरा) द्वारा करवाया जा रहा है. लेकिन निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है. कई जगहों पर सीमेंट की मात्रा बेहद कम है, जबकि बालू का अनुपात भी सही नहीं रखा गया है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. इस मामले में गोगरी एसडीओ ने बताया कि यदि इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं, तो इसकी जांच कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










