हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा बेलदौर, दूसरी सोमवारी पर बाबा फुलेश्वर नाथ के लिए डाक कांवरियों का जत्था रवाना

Updated:
विज्ञापन

फोटो -बाबा फुलेश्वर नाथ ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक को लेकर बेलदौर से अगुवानी गंगा घाट के रवाना होते डाक कावरिया। | Prabhat Khabar Network

सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर खगड़िया का बेलदौर भक्तिमय हो गया. बाबा फुलेश्वर नाथ मंदिर के लिए डाक कांवरियों का जत्था 65 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पर रवाना हुआ. भक्तों में उत्साह का माहौल है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

विज्ञापन

Khagaria News: सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर खगड़िया जिले का बेलदौर रविवार को पूरी तरह शिवमय हो गया. प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध बाबा फुलेश्वर नाथ मंदिर और बेलदौर-अगुवानी कांवरिया पथ हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा. गेरुआ वस्त्र पहने शिवभक्तों की टोलियां उत्तरवाहिनी गंगा अगुवानी घाट की ओर रवाना होती रहीं, जबकि शाम ढलते ही डाक बम और सेवा बम की टोलियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी.

श्रद्धालु अगुवानी घाट से गंगाजल लेकर करीब 65 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी करेंगे और सोमवार तड़के बाबा फुलेश्वर नाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे. इस धार्मिक यात्रा को लेकर बेलदौर और आसपास के इलाकों में खासा उत्साह देखने को मिला.

तिलक और आरती के साथ डाक कांवरियों को किया गया विदा

बाबा फुलेश्वर नाथ मंदिर परिसर में स्थानीय शिवभक्तों ने डाक कांवरियों का तिलक लगाकर और आरती उतारकर उन्हें अगुवानी घाट के लिए रवाना किया. मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक लगातार हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे.

रविवार देर शाम तक डाक बम और सेवा बम की टोलियां मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद गंगाजल लेने के लिए अगुवानी घाट की ओर जाती रहीं. श्रद्धालुओं के इस कठिन अनुष्ठान को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरी आस्था और उत्साह दिखाई दिया.

65 किलोमीटर पैदल यात्रा के बाद होगा जलाभिषेक

डाक कांवरिए उत्तरवाहिनी गंगा अगुवानी घाट से गंगाजल भरकर लगभग 65 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे. पूरी रात चलने के बाद वे सोमवार तड़के बाबा फुलेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेंगे और शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर जलाभिषेक करेंगे.

स्थानीय लोगों के अनुसार दूसरी सोमवारी पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं और इस बार भी कांवरियों की संख्या काफी अधिक रहने की संभावना है.

गेरुआ पोशाक और पूजा सामग्री से सजा बाजार

रविवार सुबह से ही बेलदौर बाजार में कांवरियों की भीड़ बढ़ने लगी. श्रद्धालु गेरुआ पोशाक, कांवर, पिठिया, पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी में जुटे रहे.

बाजार में जगह-जगह गेरुआ वस्त्र, पूजा सामग्री और कांवर से जुड़ी दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया.

सेवा शिविरों में फल, शरबत, पानी और चाय की व्यवस्था

डाक कांवरियों की सुविधा के लिए कांवरिया डाक सेवा समिति, बेलदौर की ओर से महेशलेट चौक, गोगरी चौक, महेशखूंट चौक, करूआ मोड़ चौक और बीपी मंडल सेतु पुल पर सेवा शिविर लगाए गए हैं.

इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए फल, शरबत, पानी और चाय की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा स्थानीय ग्रामीण और शिवभक्त भी विभिन्न स्थानों पर कांवरियों की सेवा में जुटे हुए हैं. रास्ते में कई जगह श्रद्धालुओं को निःशुल्क पेयजल और प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है.

रातभर पैदल यात्रा, तड़के तीन बजे से शुरू होगा जलाभिषेक

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब सात बजे से अगुवानी घाट से डाक बमों के लौटने का सिलसिला शुरू होगा और रात करीब 10 बजे तक बेलदौर-अगुवानी कांवरिया पथ कांवरियों की भीड़ से भर जाएगा.

डाक कांवरिए रातभर पैदल यात्रा कर सोमवार तड़के करीब तीन बजे से बाबा फुलेश्वर नाथ मंदिर पहुंचना शुरू करेंगे. इसके बाद गंगाजल अर्पित कर जलाभिषेक का क्रम शुरू होगा.

Khagaria News: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क

सावन की दूसरी सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. कांवरिया पथ और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

Also Read: RJD की 20 साल की सियासी कहानी: 2005 की हार से 2020 की वापसी और 2025 के झटके तक, कहां चूकी पार्टी?

Also Read: बिहार में सीनियर ऑफिसर-मिनिस्टर करेंगे छात्रों से बात, पढ़ाई होगी स्मार्ट, CM सम्राट के 4 घोषणाओं से बदलेगा एजुकेशन सिस्टम


विज्ञापन
Amit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Amit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन