पति की लंबी आयु के लिए सुहागिन महिलाओं ने रखा वट सावित्री व्रत

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 16 May 2026 11:00 AM

विज्ञापन

वट वृक्ष की पूजा करती महिलाएं

खगड़िया के गोगरी सहित विभिन्न प्रखंडों में शनिवार को वट सावित्री का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर वट वृक्ष की परिक्रमा की और पति की लंबी उम्र की कामना की.

विज्ञापन

गोगरी (खगड़िया) से रणवीर झा की रिपोर्ट. पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर शनिवार की अहले सुबह से गोगरी शहर और आसपास के इलाकों में सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ वट सावित्री व्रत मनाया.

पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की उमड़ी भीड़

सुबह होते ही गोगरी के शिरनियाँ, जमालपुर सहित विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित वट वृक्षों (बरगद) के पास महिलाओं की भारी भीड़ जुटने लगी. पारंपरिक परिधानों और 16 श्रृंगार में सजी-धजी महिलाएं पूजा सामग्री के साथ वट वृक्ष के नीचे पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.

कच्चा सूत लपेटकर की परिक्रमा

गोगरी शहर के मुश्कीपुर, फतेहपुर, इटहरी, शिशवा, शिरनियाँ समेत कई प्रमुख स्थानों पर स्थित वट वृक्षों के पास सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखते हुए वट वृक्ष की पूजा की तथा वृक्ष के तने में श्रद्धा के साथ कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की.

परिक्रमा और पूजन के बाद महिलाओं ने सावित्री-सत्यवान की पौराणिक कथा सुनी और अपने पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और संतानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

धार्मिक गीतों से गुंजायमान रहा वातावरण

पूजा स्थलों पर महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक धार्मिक गीतों और मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर व्रत की शुभकामनाएं दीं. पौराणिक मान्यता है कि वट सावित्री व्रत रखने से पति को लंबी आयु प्राप्त होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है. इसी आस्था के साथ हर वर्ष ज्येष्ठ माह की अमावस्या को सुहागिन महिलाएं यह व्रत करती हैं. गोगरी के अलावा परबत्ता, बेलदौर, खगड़िया और अलौली में भी इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन