खगड़िया में झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत लेकिन जलजमाव बन गई आफत

खगड़िया में बादलों की दस्तक
Khagaria Weather: खगड़िया में बादलों की दस्तक और फुहारों से खिल उठे चेहरे, किसानों के लिए भी बनी राहत की सौगात
खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट.
Khagaria Weather: खगड़िया में कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे लोगों के लिए शनिवार की मध्य रात्रि राहत लेकर आई. रात करीब 12 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे इलाके का मौसम बदल दिया. तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सुबह लोगों ने ठंडी हवाओं के बीच राहत की सांस ली. हालांकि इस बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं गोगरी, जमालपुर और परबत्ता के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या भी खड़ी कर दी. दूसरी ओर किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है.
रातभर बरसे बादल, सुबह मिला सुकून
शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश ने पूरे क्षेत्र को भिगो दिया. कई दिनों से तपती धरती और उमस भरे मौसम से परेशान लोग रविवार की सुबह जब घरों से बाहर निकले तो मौसम का बदला हुआ मिजाज देखकर उनके चेहरे खिल उठे. ठंडी हवाओं और बादलों की मौजूदगी ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया.
हालांकि सुबह सूर्यदेव के दर्शन होते ही तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए, लेकिन बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी रही. आसमान में काले बादलों की आवाजाही भी जारी रही, जिससे लोगों को दिनभर मौसम के और बदलने की उम्मीद बनी रही.
राहत के साथ आई जलजमाव की परेशानी
बारिश के बाद गोगरी, जमालपुर और परबत्ता बाजार के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मुख्य सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को कीचड़ तथा पानी से होकर गुजरना पड़ा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश के बाद जलनिकासी की समस्या सामने आ जाती है, जिससे बाजार क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां प्रभावित होती हैं.
किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
जहां शहरों में जलजमाव चिंता का कारण बना, वहीं ग्रामीण इलाकों में किसानों ने इस बारिश का स्वागत किया. लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण खेत सूखने लगे थे और धान का बिचड़ा डालने का काम प्रभावित हो रहा था. बारिश के बाद खेतों में नमी बढ़ी है और किसानों ने धान की खेती की तैयारियां तेज कर दी हैं.
कृषि कार्यों के लिए यह बारिश बेहद लाभकारी मानी जा रही है. किसानों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो खरीफ सीजन की शुरुआत बेहतर होगी.
मौसम विभाग ने फिर जारी किया अलर्ट
रविवार को भी आसमान में बादलों का डेरा बना रहा. मौसम विभाग ने जिले में फिर से बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है. ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
फिलहाल गोगरी और आसपास के इलाकों में बारिश ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन जलजमाव और बदलते मौसम ने नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं.
Also Read: बिहार में महंगाई का नया झटका, घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपये महंगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










