खगड़िया में फिरौती के लिए अपहरण मामले में 4 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, महेशखूंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
महेशखूंट थाना

महेशखूंट थाना

Khagaria News: खगड़िया जिले में 4 साल पुराने सनसनीखेज अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. यह आरोपी फिरौती के लिए युवक के अपहरण में शामिल था.

विज्ञापन

Khagaria News: खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 में फिरौती के लिए हुए सनसनीखेज अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने करीब चार साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

चार साल से फरार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

महेशखूंट थाना पुलिस ने अपहरण कांड संख्या 289/22 में फरार चल रहे आरोपी अजय कुमार पौद्दार उर्फ बसिया उर्फ प्रेम कुमार भूषण को गिरफ्तार किया है. आरोपी मूल रूप से बेगूसराय जिले के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में महेशखूंट थाना क्षेत्र के मदारपुर में रह रहा था.

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की जा रही छापेमारी के आधार पर उसे महेशखूंट थाना क्षेत्र के पकड़ैल गांव से गिरफ्तार किया.

दिसंबर 2022 में हुआ था अपहरण

पुलिस के अनुसार, 3 दिसंबर 2022 की शाम महेशखूंट निवासी 18 वर्षीय सोहन कुमार और उसका दोस्त खगड़िया से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एनएच-31 पर रोहड़ी के पास घात लगाए अपराधियों ने हथियार के बल पर दोनों का अपहरण कर लिया.

घटना के बाद पीड़ित के पिता रामसागर पासवान ने महेशखूंट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले में पांच अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था.

दो लाख रुपये की मांगी थी फिरौती

एफआईआर के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. आरोप है कि अपराधियों ने अपहृत युवकों के हाथ में देसी कट्टा देकर वीडियो बनाया और व्हाट्सएप के माध्यम से परिजनों को भेजकर पैसे देने का दबाव बनाया.

इसके बाद परिजनों से अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर दो लाख रुपये की फिरौती ली गई. फिरौती मिलने के बाद अपहृत युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में नारायणपुर के पास छोड़ दिया गया था.

Khagaria News: तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित के मोबाइल से फोन-पे के माध्यम से 20 हजार रुपये भी ट्रांसफर कराए थे. बैंक खाते, यूपीआई लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट


विज्ञापन
Ranbir Kumar

लेखक के बारे में

By Ranbir Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन