खगड़िया में भीषण गर्मी से बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला, 11 बजे के बाद स्कूल-कोचिंग बंद
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 24 May 2026 8:33 AM
Khagaria Heatwave Alert
Khagaria Heatwave Alert: खगड़िया में लू का कहर बढ़ते ही प्रशासन सख्त. 27 मई तक सभी स्कूलों, कोचिंग और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव
Khagaria Heatwave Alert: प्रवीण कुमार प्रियांशु, खगड़िया में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, प्री-स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह 11 बजे के बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर रोक लगा दी है. प्रशासन का यह आदेश 24 मई 2026 से लागू होकर 27 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा.
बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौजूदा मौसम बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल असर डाल सकता है. तेज धूप, लू और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत यह फैसला लिया गया है.
प्रशासन ने साफ किया है कि यह आदेश जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा. विद्यालय प्रबंधन को तत्काल प्रभाव से स्कूल और कोचिंग के समय में बदलाव करने का निर्देश दिया गया है ताकि बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी से बचाया जा सके.
लू और हीटवेव ने बढ़ाई चिंता
खगड़िया में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है. दोपहर के समय सड़कों पर गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर, उल्टी और कमजोरी जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं. यही वजह है कि प्रशासन ने एहतियातन यह बड़ा कदम उठाया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के बाद धूप इतनी तेज हो जाती है कि छोटे बच्चों का बाहर निकलना खतरनाक साबित हो सकता है.
आदेश के प्रचार-प्रसार के भी निर्देश
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से इस आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों को भेज दी गई है. साथ ही जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और स्थानीय समाचार पत्रों के जरिए इसकी जानकारी हर अभिभावक तक पहुंचाई जाए.
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाकर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ देते रहें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










