10 मई को मनेगा खगड़िया जिला का स्थापना दिवस

Published by :RAJKISHORE SINGH
Published at :06 May 2026 7:25 PM (IST)
विज्ञापन
10 मई को मनेगा खगड़िया जिला का स्थापना दिवस

10 मई को मनेगा खगड़िया जिला का स्थापना दिवस

विज्ञापन

नीली रोशनी से जगमगाएगा शहर, लाभुकों के बीच होगा परिसंपत्तियों का वितरण

प्रभात फेरी, खेल प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक संध्या होंगी मुख्य आकर्षण

खगड़िया. आगामी 10 मई को खगड़िया जिला का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा. इस गरिमामय अवसर को यादगार बनाने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार व पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने संयुक्त बैठक की. बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनभागीदारी पूर्ण बनाने का निर्देश दिया.

प्रभात फेरी से होगी शुरुआत, लाभुकों को मिलेगा अधिकार

डीएम नवीन कुमार ने बताया कि स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी के साथ की जाएगी. इस दिन सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच राजस्व पर्चा, आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और लर्निंग लाइसेंस आदि का वितरण कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा.

स्वास्थ्य व सौंदर्यीकरण पर रहेगा विशेष जोर

स्थापना दिवस के मौके पर जिले के सभी दलित एवं महादलित टोलों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की विशेष व्यवस्था होगी. उत्सव के माहौल को और भव्य बनाने के लिए सभी सरकारी भवनों को नीली रोशनी (ब्लू लाइट) से सजाया जाएगा.

खेल व संस्कृति का दिखेगा संगम

युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर शतरंज एवं हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. वहीं, कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन शाम को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा, जिसमें स्थानीय और ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी.

अधिकारियों को समन्वय का निर्देश

डीएम व एसपी ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यह दिन जिले के हर नागरिक के लिए गौरव का क्षण है, इसलिए इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाया जाए.

खगड़िया जिला : एक परिचय

मालूम हो कि 10 मई 1981 को मुंगेर जिले से अलग होकर खगड़िया एक स्वतंत्र जिले के रूप में अस्तित्व में आया था. वर्तमान में इस जिले में दो अनुमंडल हैं. कोसी, बागमती व बूढ़ी गंडक जैसी महत्वपूर्ण नदियों की धाराओं से सिंचित यह जिला हर साल अपनी स्थापना के गौरवमयी इतिहास को याद करता है.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन