सीएचसी में लापरवाही का आरोप, इलाज के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत

Published by :RAJKISHORE SINGH
Published at :07 May 2026 11:08 PM (IST)
विज्ञापन
सीएचसी में लापरवाही का आरोप, इलाज के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत

सीएचसी में लापरवाही का आरोप, इलाज के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत

विज्ञापन

परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया समय से इलाज न करने का आरोप, रास्ते में तोड़ा दम

बेलदौर (खगड़िया). जिले के बेलदौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सक की कथित लापरवाही से एक प्रसूता व उसके अजन्मे बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर समय रहते उचित इलाज न करने का गंभीर आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, पचौत गांव निवासी मो किस्मत अली की पत्नी रुकसत खातून को प्रसव पीड़ा होने के बाद बुधवार को बेलदौर सीएचसी में भर्ती कराया गया था. परिजनों का कहना है कि भर्ती होने के समय महिला की स्थिति सामान्य थी. रुकसत का पहला बच्चा ऑपरेशन से हुआ था, लेकिन उसके बाद के तीन बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी हुई थी.

रेफर करने के बाद रास्ते में हुई मौत

मृतक महिला के पति का आरोप है कि सीएचसी में चिकित्सकों ने इलाज में ढिलाई बरती, जिससे रुकसत की स्थिति धीरे-धीरे बिगड़ने लगी. जब मामला नियंत्रण से बाहर होने लगा, तो चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया. दुर्भाग्यवश, सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गयी.

सीएचसी प्रभारी का पक्ष

इस संबंध में बेलदौर सीएचसी प्रभारी डॉ मुकेश कुमार ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि महिला के शरीर में खून की अत्यधिक कमी थी. स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया था. उन्होंने रास्ते में मौत होने की पुष्टि की है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

ससमय समुचित इलाज न मिलने व लापरवाही के आरोपों के बीच पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. फिलहाल इस घटना को लेकर स्वास्थ्य केंद्र में तनाव की स्थिति देखी गयी.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन