KHAGARIA NEWS : मुख्यमंत्री के अगुवानी दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, पुल से लेकर हेलिपैड तक तैयारियों का गहन निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित अगुवानी दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

विज्ञापन

परबत्ता (खगड़िया) से पलटु झा की रिपोर्ट :

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित अगुवानी दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है. सोमवार को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रवीण सिंह मीणा के नेतृत्व में खगड़िया जिला प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम ने अगुवानी पहुंचकर सुरक्षा एवं तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान खगड़िया डीएम, एसपी, एसएसपी, डीडीसी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की चूक नहीं हो, इसे लेकर अधिकारियों ने हर छोटे-बड़े बिंदु का बारीकी से जायजा लिया. विशेष रूप से निर्माणाधीन अगुवानी-सुल्तानगंज फोरलेन पुल परियोजना के आसपास सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आवागमन मार्ग और वीआईपी मूवमेंट को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए गए. इधर मुख्यमंत्री सुरक्षा सेल (सीएम सिक्योरिटी सेल) के अधिकारियों का भी क्षेत्र में आगमन हो चुका है. सुरक्षा टीम द्वारा कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलिपैड, सड़क मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल और आम लोगों की आवाजाही तक का अलग-अलग निरीक्षण किया जा रहा है. सुरक्षा अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित रूट और वैकल्पिक मार्गों पर भी चर्चा की.

वीआइपी मूवमेंट को लेकर विस्तृत समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम अगुवानी फोरलेन के समीप पिलर संख्या-1 के पास पूर्व से निर्मित हेलिपैड स्थल पर भी पहुंची. वहां हेलिकॉप्टर लैंडिंग की संभावनाओं, सुरक्षा घेरा, एंबुलेंस व्यवस्था, फायर ब्रिगेड की उपलब्धता तथा वीआईपी मूवमेंट को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. हेलिपैड के आसपास साफ-सफाई एवं समतलीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया. इसके बाद अधिकारियों का काफिला स्थानीय विधायक बाबूलाल शौर्य के आवास तक पहुंचा. मुख्यमंत्री के संभावित सड़क मार्ग का निरीक्षण करते हुए सड़क की स्थिति, मोड़, सुरक्षा प्वाइंट, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. रास्ते में पड़ने वाले संवेदनशील स्थानों को भी चिन्हित किया गया, जहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की जा रही है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में है. कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच लगातार समन्वय बैठकें की जा रही हैं. वहीं स्थानीय स्तर पर भी तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य तेज कर दिया गया है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन