विद्युत केंद्र में धूमधाम से मना विश्वकर्मा पूजा

विद्युत केंद्र में धूमधाम से मना विश्वकर्मा पूजा
कोढ़ा कोढ़ा विद्युत शक्ति केंद्र में बुधवार को विश्वकर्मा पूजा बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मना. सुबह से ही पूजा पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया गया था. बिजली विभाग से जुड़े सभी उपकरणों और मशीनों की विधिवत पूजा की गई. विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा को फूलों व झालरों से सजाया जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही. पूजा की शुरुआत शक्ति केंद्र के जेई पंकज कुमार ठाकुर और अन्य अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार व हवन के साथ की. कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भगवान विश्वकर्मा से सुख, शांति और तकनीकी प्रगति की कामना की. भंडारे का आयोजन किया. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. शक्ति केंद्र परिसर में विशेष साफ-सफाई और सजावट की व्यवस्था की गई थी.इधर, कोढ़ा प्रखंड के गेड़ाबाड़ी, खेरिया, मखदमपुर, पवई, कोलासी, रौतारा और राजवाड़ा सहित आसपास के इलाकों में भी बाबा विश्वकर्मा की पूजा पूरे भक्तिभाव से मनाई गई. मील, बाइक शोरूम, नाई की दुकान तथा वाहन मालिकों ने भी अपने-अपने औजारों व वाहनों की पूजा-अर्चना की. लोगों ने इस अवसर को न सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान माना, बल्कि तकनीकी दक्षता और कर्मनिष्ठा का प्रतीक भी बताया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




