हरखा ऋषिटोल आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने के लिए नहीं है रास्ता

हरखा ऋषिटोल आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने के लिए नहीं है रास्ता
– जान जोखिम में डालकर खेतों की पगडंडी होकर बच्चे पहुंच रहे आंगनबाड़ी केंद्र हसनगंज प्रखंड के कालसर पंचायत स्थित हरखा ऋषिटोल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 074 तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता नहीं होने से बच्चों व आंगनबाड़ी कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. केंद्र तक जाने के लिए बच्चों को खेतों की पगडंडी से होकर आवाजाही करनी पड़ती है. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क नहीं रहने के कारण छोटे-छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है. बरसात में स्थिति और भी खराब हो जाती है. खेतों में पानी भर जाने से रास्ता पूरी तरह कीचड़मय व खतरनाक हो जाता है. जिससे आने-जाने में काफी जोखिम बना रहता है. आंगनबाड़ी सेविका भारती देवी ने बताया कि रास्ते की समस्या के कारण बच्चों की उपस्थिति भी प्रभावित होती है. केंद्र तक पहुंचने के लिए मखाना व मक्का के खेत की मेड़ और बड़ी-बड़ी मक्का की फसलों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. डर और असुविधा के बीच आंगनबाड़ी केंद्र आना-जाना पड़ता है. सेविका ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने के लिए सड़क का निर्माण कराया जाय या फिर केंद्र को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाय. ताकि बच्चों व कर्मियों को आने-जाने में परेशानी न हो. ग्रामीण धीरज उरांव, कमला उरांव, गीता देवी सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव के पीछे आंगनवाड़ी केंद्र स्थित है. वहां तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता नहीं है. सड़क नहीं रहने के कारण बच्चों व कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




