KATIHAR अंधविश्वास ने ली मासूम की जान, सांप डंसने पर झाड़-फूंक कराने ले गये, समय पर इलाज न मिलने से हुई मौत

Updated:
विज्ञापन
KATIHAR अंधविश्वास ने ली मासूम की जान, सांप डंसने पर झाड़-फूंक कराने ले गये, समय पर इलाज न मिलने से हुई मौत

जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास के कारण पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई.

विज्ञापन

कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट KATIHAR NEWS :

जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास के कारण पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई. मृत बच्ची की पहचान चंदन कुमार महतो की पुत्री अन्नू कुमारी के रूप में हुई है.

खेलने के दौरान सांप ने बच्ची को डंसा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह अन्नू कुमारी घर में खेल रही थी, तभी उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने बच्ची को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया. गांव में ही ओझा के पास ले जाकर बच्ची का झाड़-फूंक कराया गया, जिससे काफी कीमती समय बर्बाद हो गया.

झाड़-फूंक से बच्ची की बिगड़ी हालत

जब झाड़-फूंक के बावजूद बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी स्थिति बिगड़ने लगी, तब घबराए परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां मौजूद चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, सदर अस्पताल ले जाने के दौरान ही रास्ते में बच्ची ने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

बच्ची की मौत के बाद गांव में शोक

इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. यह घटना एक बार फिर अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाओं पर सवाल खड़ा करती है. यदि समय रहते बच्ची को उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह : सांप के डसने पर तुरंत पहुंचें अस्पताल

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सांप डसने की स्थिति में तुरंत अस्पताल जाकर एंटी-वेनम उपचार कराना ही सबसे प्रभावी उपाय है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से अपील करते रहे हैं कि वे अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन