पहल: प्रथम चरण में बारसोई के 80 स्कूलों में सोशल ऑडिट प्रारंभ
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 25 May 2026 7:32 PM
पहल: प्रथम चरण में बारसोई के 80 स्कूलों में सोशल ऑडिट प्रारंभ
– कटिहार जिले के 280 स्कूलों में सोशल ऑडिट का लक्ष्य कटिहार जिले के सरकारी स्कूलों में संचालित योजनाओं के सोशल ऑडिट की प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ कर दी गयी है प्रथम चरण में जिले के बारसोई प्रखंड के 80 स्कूल स्कूलों में सोशल ऑडिट की प्रक्रिया शुरू की गयी है. जबकि जिले में कुल 280 स्कूलों का सोशल ऑडिट निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाना है. सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया छह दिनों की होगी. सामाजिक अंकेक्षण आरंभ होने के पूर्व जिला संसाधन सेवियों द्वारा अंकेक्षण दल का प्रशिक्षण किया गया है. जबकि सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया के प्रथम दिन सोमवार को क्रियान्वयन विभाग के पदाधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं अंकेक्षण दल के सदस्यों के साथ प्रखंड स्तर पर समन्वय बैठक की गयी है. बैठक में सामाजिक अंकेक्षण के उद्देश्य, प्रक्रिया, कैलेंडर एवं अपेक्षित सहयोग के संबंध में चर्चा की गयी है. उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास विभाग लके सामाजिक अंकेक्षण सोसायटी के निदेशक विनय कुमार ओहदार ने स्कूलों के सोशल ऑडिट को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश जारी किया है. जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का कुल विद्यालयों के लक्ष्य का 20 प्रतिशत प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में समग्र शिक्षा अंतर्गत संचालित योजनाओं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय राहित) का सामाजिक अंकेक्षण कराने का अनुरोध किया गया है. इस आलोक में 20 प्रतिशत विद्यालयों का सामाजिक अंकेक्षण कराने के लिए दिशा-निदेश एवं कैलेंडर तैयार किया गया है. कैलेंडर के अनुसार सोमवार से सामाजिक अंकेक्षण कराये जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. प्रखंड स्तर पर होगी जन सुनवाई निदेशक की ओर से जारी दिशा निर्देश में कहा गया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के अन्तर्गत सभी विद्यालयों का पांच सदस्यीय अंकेक्षण दल द्वारा सामाजिक अंकेक्षण कार्य किया जायेगा. प्रत्येक पंचायत में अंकेक्षण दल द्वारा छह दिन में (जनसुनवाई सहित ) सामाजिक अंकेक्षण कार्य पूर्ण किया जायेगा. शिक्षा विभाग व समग्र शिक्षा से संबंधित पदाधिकारी व कर्मी द्वारा अंकेक्षण दल को सामाजिक अंकेक्षण में सहयोग करने के लिए निर्देश दिया गया है. प्रखंड के सभी ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण संपन्न होने के एक सप्ताह पश्चात प्रखंड स्तर पर जन सुनवाई की जायेगी. प्रखंड स्तर पर होने वाली जनसुनवाई में छात्रों, अभिभावकों, संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जायेगा. जिला संसाधन सेवी व अंकेक्षण दल के सदस्यों द्वारा जन सुनवाई की सूचना मौखिक, माईक, दिवाल लेखन, नुक्कड़ सभा एवं पंचायत व विद्यालयों के सूचनापट्ट पर सूचना चस्पा कर दिया जायेगा. सामाजिक अंकेक्षण का किसी भी प्रक्रिया में समग्र शिक्षा के पदाधिकारी व कमी द्वारा हस्तक्षेप नहीं किया जायेगा. अधिकारी व कर्मी हस्तक्षेप नहीं करेंगे गाईडलाईन में यह भी कहा गया है कि अंकेक्षण दल के आवासन की व्यवस्था जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा द्वारा किया जायेगा. आवासन की व्यवस्था पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन व सरकारी विद्यालय में किया जायेगा. आवासन स्थल में शौचालय, बिजली, पीने का पानी, सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से उपयुक्त हो. वैसे स्थान पर आवासन की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय. उल्लेखनीय है कि अंकेक्षण दल में ज्यादातर महिला सदस्य है. सामाजिक अंकेक्षण आरंभ होने के सात दिन पूर्व संबंधित विभाग व योजना के पदाधिकारियों, कर्मियों के द्वारा सामाजिक अंकेक्षण दल को योजनाओं का अभिलेख की छायाप्रति उपलब्ध कराया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










