हल्की बारिश में ही तालाब बना शिवलाल टोला चापी स्कूल

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 21 May 2026 6:07 PM

विज्ञापन

हल्की बारिश में ही तालाब बना शिवलाल टोला चापी स्कूल

विज्ञापन

उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय परिसर में जलजमाव से पढ़ाई प्रभावित, बाउंड्री वॉल नहीं होने से हर वक्त बना रहता है हादसे का डर

कोढ़ा. प्रखंड की राजवाड़ा पंचायत स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय शिवलाल टोला चापी की बदहाल व्यवस्था ने सरकारी दावों की पोल खोल कर रख दी है. स्कूल की इस बदहाली ने शिक्षा विभाग द्वारा दी जाने वाली मूलभूत सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मानसून की दस्तक और हल्की बारिश के शुरू होते ही विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो जाता है. इसके कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्कूल परिसर में चारों ओर पानी और कीचड़ भर जाने से बच्चों का अपनी कक्षाओं तक पहुंचना भी दूभर हो गया है.

अक्सर फिसलकर गिरते हैं मासूम, पढ़ाई हो रही प्रभावित

जलजमाव व कीचड़ के कारण विद्यालय आने वाले छोटे-छोटे बच्चे अक्सर पैर फिसलने से गिरकर चोटिल हो रहे हैं. इस नारकीय स्थिति के चलते स्कूल में पढ़ाई का माहौल भी पूरी तरह प्रभावित हो रहा है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में विद्यालय परिसर की स्थिति हर साल बेहद दयनीय हो जाती है. समस्या से सब वाकिफ हैं, लेकिन अब तक इसके स्थाई समाधान की दिशा में प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.

जल निकासी की व्यवस्था नहीं, सुरक्षा भगवान भरोसे : शिक्षक

मामले को लेकर विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार राम ने बताया कि बारिश के समय स्कूल परिसर में अत्यधिक पानी जमा हो जाता है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर साल यह मुसीबत झेलनी पड़ती है. इसके अलावा, विद्यालय में बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता बनी हुई है. उन्होंने बताया कि खेलते-खेलते कई बार छोटे बच्चे सीधे मुख्य सड़क की ओर निकल जाते हैं, जिससे हमेशा किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है.

ग्रामीणों व अभिभावकों का कहना है कि इस विकट समस्या को लेकर कई बार शिक्षा विभाग व स्थानीय प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया गया है, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण अब तक कोई सुनने वाला नहीं है.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन