दीपावली व मां काली पूजा में सुरक्षा रहेगी पुख्ता, 382 स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात

दीपावली व मां काली पूजा में सुरक्षा रहेगी पुख्ता, 382 स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात
– जिलाधिकारी और एसपी ने शांतिपूर्वक त्योहार मनाने को लेकर जारी किया संयुक्त आदेश कटिहार जिले में दीपावली व काली पूजा को परंपरागत व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है. जिला प्रशासन की ओर से त्यौहार के मौके पर विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिये संयुक्त आदेश भी जारी कर दिया गया है. जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा व पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने संयुक्त आदेश जारी किया है. डीएम व एसपी की ओर से जारी संयुक्त आदेश में कहा गया है कि अक्तूबर को दीपावली का त्योहार मनाया जायेगा. इसी के साथ काली पूजा का भी आयोजन होता है. ऐसे मौकों पर विधि व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है. संयुक्त आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी पूजा पंडाल व काली पूजा समिति को लाइसेंस लेना अनिवार्य है. संयुक्त आदेश में यह भी कहा गया है कि प्रतिमा विसर्जन के लिए रूट चार्ट एवं आवश्यक तैयारी जरूरी है. सभी अनुमंडल पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को भी संयुक्त आदेश के माध्यम से डीएम व एसपी ने निर्देश दिये है. त्यौहार के मौके पर असामाजिक व शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने के लिये निर्देशित किया है. इस संयुक्त आदेश के अनुसार शांतिपूर्ण दीपावली व काली पूजा संपन्न कराने के लिये जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के 382 विभिन्न चौक चौराहों एवं पूजा पंडाल, सार्वजनिक काली मंदिर में दंडाधिकारी के साथ सुरक्षाबलों की तैनाती की गयी है. साथ ही जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों को भी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रतिनियुक्ति की गयी है. आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई संयुक्त आदेश में कहा गया है कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के मद्देनजर सम्पूर्ण राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है. आदर्श आचार संहिता को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए पर्व-त्योहारों के अवसर पर राजनैतिक परिप्रेक्ष्य में किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाना है. आदर्श आचार संहिता के प्रभावी होने की तिथि से ही जिलान्तर्गत बीएनएसएस की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है. पर्व-त्योहारो के अवसर पर ऐसा कोई कृत्य, जिससे शांति भंग होने, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन अथवा धारा-163 के तहत लागू निषेधाज्ञा को प्रभावित करने की संभावना होती है, तो उक्त कारकों के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 एवं बीएनएसएस की सुसंगत धाराओं के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी. आपत्तिजनक पोस्ट किये तो खैर नहीं जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दीपावली, कालीपूजा, मेला, पूजा पंडाल, सार्वजनिक काली मंदिर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर किसी तरह की आपत्तिजनक चीज लिखा हुआ या अन्य तरीके से मिला तो उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन के अधिकारी को दें. संबंधित स्थानों पर तैनात अधिकारी एवं पुलिस बलों को इस पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर सोशल मीडिया यथा फेसबुक, व्हाट्सएप्प व ट्विटर आदि के जरिये किसी भी तरह के आपत्तिजनक पोस्ट किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. किसी भी सूरत में विधि व्यवस्था को भंग करने नहीं दिया जायेगा. पुलिस प्रशासन के अधिकारी सोशल मीडिया पर खासतौर पर नजर रखेंगे. इसके अतिरिक्त असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. चिकित्सक को मुस्तैद रहने का निर्देश डीएम और एसपी की ओर से जारी इस संयुक्त आदेश में सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने को लेकर तैयार रहने का निर्देश दिया गया है. साथ ही कहा गया है कि सभी चिकित्सा पदाधिकारी अपने अपने पदस्थापन वाले स्थान पर मुस्तैद रहेंगे. किसी भी परिस्थिति में लोगों की स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए पहल करेंगे. साथ ही एंबुलेंस व मोबाइल टीम को तैयार रहने के लिए कहा गया है. मोबाइल टीम व एंबुलेंस सभी जीवन रक्षक दवाओं के साथ तैयार रहेंगे. सदर अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों को आने वाले मरीजों को तुरंत स्वास्थ्य उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है. जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला स्तर पर समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष में स्थापित की गयी है. यह नियंत्रण कक्ष 21 अक्तूबर तक 24 घंटे काम करेगा. इसके लिए पालीवार अधिकारी व कर्मचारी की तैनाती की गयी है. जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी के रूप में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोनाली शीतल व गृह रक्षा वाहिनी के जिला समादेष्टा गौतम कुमार को तैनात किया गया है. जिला नियंत्रण कक्ष में 06452- 242400, 239025 व 249026 दूरभाष संख्या काम करेगा. किसी भी तरह की सूचना इस नंबर पर दिया जा सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




