कार सवार से लूट का खुलासा, लूटा मोबाइल, नकद व हथियार बरामद

कार सवार से लूट का खुलासा, लूटा मोबाइल, नकद व हथियार बरामद
घटना में शामिल तीन विधि-विरुद्ध बालक किये गये निरुद्ध कोढ़ा जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में एस एच-77 पर कार सवार से हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है. एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है. पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया निवासी आलमगीर ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि 14 मार्च की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ कार से रंगाकोल मोड़, भंगहा के पास से गुजर रहे थे. ढाबा से 200 मीटर आगे 3-4 अज्ञात युवक अचानक सड़क पर आ गए. उनके हाथों में लोहे का रॉड, भाला तथा अन्य हथियार थे. आरोपियों ने उनकी कार को जबरन रोक लिया और हमला कर दिया. इस दौरान कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. बदमाशों ने आलमगीर की कनपटी पर हथियार सटाकर मोबाइल फोन और करीब 19 हजार रुपये नकद लूट लिया. विरोध करने पर लोहे के रॉड से मारपीट की गई, जिससे उनके दाहिने हाथ में चोट भी लग गई. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी भंगहा गांव की ओर फरार हो गए. पीड़ित के आवेदन के आधार पर पोठिया थाना में कांड संख्या 65/26 दर्ज किया. गंभीरता को देखते हुए सदर-02 एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और घटना में शामिल भंगहा निवासी सूरज कुमार महलदार (उम्र 19 वर्ष), इसके साथ ही तीन अन्य विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, दो अन्य मोबाइल फोन, 2,900 रुपये नकद, लोहे की जंजीर, दो लोहे का रॉड तथा एक आयताकार लोहे का रॉड बरामद किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार महलदार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ फलका थाना कांड संख्या 31/24 में धारा 394 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पोठिया थाना कांड संख्या 110/24 में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




