विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी की तैनाती

Updated at : 09 Sep 2025 6:08 PM (IST)
विज्ञापन
विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी की तैनाती

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है.

विज्ञापन

केंद्रीय वित्त मंत्री व उप मुख्यमंत्री के आगमन को ले आवश्यक प्रशासनिक तैयारी पूरी

कटिहार. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. केंद्रीय वित्त मंत्री व उप मुख्यमंत्री बुधवार को कटिहार आयेंगे. स्थानीय बीएसएपी मैदान में बनाये गये हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल हसनगंज प्रखंड के कालसर व आसपास के क्षेत्र में वित्त मंत्री व उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए कई तरह की व्यवस्था की गयी है. हेलीपैड स्थल तथा अन्य कार्यक्रम स्थल तथा उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. साथ ही विभिन्न पथों व कार्यक्रम स्थल पर कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था भी की गयी है. जिला प्रशासन की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, करीब दर्जन भर से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बलों की भी तैनाती की गयी है. इस बीच मंगलवार को कई अधिकारियों ने पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

निरंतर गश्ती करने का निर्देश

डीएम व एसपी की ओर से जारी सयुंक्त आदेश में यह भी कहा गया है कि विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए प्रतिनियुक्त प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी की टीम प्रतिनियुक्त स्थल व विभिन्न पथों पर निरंतर गश्ती करती रहेगी. साथ ही वांछित तत्वों पर विशेष रूप से नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है. केंद्रीय वित्त मंत्री व उप मुख्यमंत्री के आगमन तथा उसके प्रस्थान होने तक संपूर्ण विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता डॉ बिनोद कुमार तथा पुलिस उपाधीक्षक मृदु लता (मुख्यालय) को प्रतिनियुक्त किया गया है. इन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निरंतर भ्रमणशील रहकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को मार्गदर्शन करेंगे तथा वित्त मंत्री व उप मुख्यमंत्री के आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहेंगे. संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को अपने संबंधित क्षेत्रों में विधि व्यवस्था बहाल रखने के दृष्टिकोण में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए आदेश दिया गया है.

समाहरणालय में भी काम करेगा नियंत्रण कक्ष

समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष को क्रियाशील करते हुए प्रभारी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06452-242400, 239025 एवं 239026 पर संपर्क किया जा सकता है. जिला नियंत्रण कक्ष में जिला अवर निबंधक अजय कुमार की प्रभारी बनाया गया है.

केंद्रीय वित्त मंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

पूर्वाह्न 10:00 बजे बीएसएपी (बीएमपी) मैदान में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से आयेंगी.

पूर्वाह्न 10:20 बजे तक हसनगंज प्रखंड के कालसर पंचायत में तालाब में हो रहे मखाना खेती का जायजा लेंगी एवं संबंधित किसानों से बातचीत करेंगी.

पूर्वाह्न 10.20 से 10.40 बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत छीटाबाड़ी पहुंचेंगी.

पूर्वाह्न 10.40 से 11.00 बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत छीटाबाड़ी में स्थित मखाना प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण करेंगी तथा मखाना प्रोसेसिंग में लगे मजदूरों से बातचीत करेंगी.

पूर्वाह्न 11.00 से 11.10 बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत छीटाबाड़ी के समीप स्थित राम दरबार पहुंचेंगी.

पूर्वाह्न 11.10 से 11.30 बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत छीटाबाड़ी में स्थित राम दरबार में हसनगंज प्रखंड के जगरनाथपुर व रामपुर पंचायत में संचालित वित्त समावेशन संतृप्ति अभियान का जायजा लेंगे तथा संबंधित लोगों व अधिकारियों से बातचीत करेंगी.

पूर्वाह्न 11.30 से 11.45 बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत हाजीपुर में स्थित कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगी.

पूर्वाह्न 11.45 से 01.00 अपराह्न बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत हाजीपुर में स्थित कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी तथा लाभुकों को आच्छादित करेंगी.

अपराह्न 01.00 से 01.05 बजे तक कटिहार सदर प्रखंड अंतर्गत हाजीपुर में स्थित कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज से सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगी.

अपराह्न 01.25 से 01.30 बजे बीएसएपी मैदान के हेलीपैड से पटना के लिए रवाना होंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन