रेलवे स्टेशन परिसर में लावारिस पिस्टल मिलने से मचा हड़कंप
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 27 May 2026 6:02 PM
रेलवे स्टेशन परिसर में लावारिस पिस्टल मिलने से मचा हड़कंप
– बारसोई स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल – सीसीटीवी व रेल पुलिस की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल बारसोई बारसोई रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई. जब स्टेशन के पार्किंग एरिया से लावारिस हालत में एक पिस्टल बरामद की गई. रेलवे जैसे अति संवेदनशील स्थल पर हथियार मिलने की घटना ने रेल प्रशासन, जीआरपी व आरपीएफ की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब एक बजे स्टेशन परिसर के पार्किंग क्षेत्र में मौजूद कुछ लोगों की नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक हथियार पर पड़ी. पास जाकर देखने पर वह पिस्टल निकली. जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना राजकीय रेल पुलिस व आरपीएफ को दी. सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष दुधेश्वर कुमार तथा बारसोई थानाध्यक्ष उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पिस्टल को अपने कब्जे में लिया. बताया जा रहा है कि बरामद पिस्टल में मैगजीन भी लगी हुई थी. पुलिस ने हथियार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि स्टेशन पार्किंग क्षेत्र से एक पिस्टल बरामद की गई है. मामले की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार वहां कौन छोड़कर गया. घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़ा हो गया है. जिस स्थान से पिस्टल मिली. वह रेल थाना और सुरक्षा बलों की निगरानी वाले क्षेत्र से अधिक दूर नहीं है. इसके बावजूद अपराधी हथियार छोड़कर आसानी से निकल गए और किसी को भनक तक नहीं लगी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन परिसर में लाखों रुपये खर्च कर लगाये गये सीसीटीवी कैमरे केवल शो-पीस बनकर रह गए हैं. यदि निगरानी व्यवस्था दुरुस्त होती, तो हथियार फेंकने वाले की पहचान अब तक हो सकती थी. लोगों ने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है. यात्रियों का कहना है कि जब रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह हथियार मिल रहे हैं, तो आम यात्रियों की सुरक्षा किस भरोसे है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










