बाढ़ को लेकर अनुश्रवण सह निगरानी समिति की बैठक

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 29 May 2026 7:01 PM

विज्ञापन

बाढ़ को लेकर अनुश्रवण सह निगरानी समिति की बैठक

विज्ञापन

– राहत एवं बचाव तैयारियों पर बनी रणनीति फलका संभावित बाढ़ को लेकर शुक्रवार को फलका प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में प्रखंड स्तरीय बाढ़ अनुश्रवण सह निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह एवं अंचलाधिकारी शोमी पोद्दार ने संयुक्त रूप से की. बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों की पहचान कर ली गई है. राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों के गहरे गांवों एवं टोले की सूची तैयार करने तथा ऊंचे शरण स्थलों का चयन करने का निर्देश दिया. बैठक में मुखिया प्रतिनिधि संजय झा, अमित गुप्ता एवं बलराम साह ने कहा कि बाढ़ के दौरान सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि हो जाती है. इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम एवं अन्य जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए. इस पर अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग को डायरिया, सर्पदंश तथा अन्य आपातकालीन दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने का निर्देश देने की बात कही. बैठक में निर्णय लिया गया कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर ऊंचे स्थानों पर सामुदायिक किचन संचालित किए जायेंगे. साथ ही पशुओं के लिए आश्रय स्थल, पशु चारा एवं पशु चिकित्सा दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई. गहरे एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों में नाव परिचालन के लिए संभावित मार्गों का चयन, नाविकों की सूची तैयार करने तथा नावों का परवाना उपलब्ध कराने की भी बात कही गई. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों को संभावित राहत शिविर के रूप में तैयार रखा जाए. विद्यालयों में बिजली, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया. ताकि बाढ़ के समय प्रभावित लोगों को सुरक्षित ठहराया जा सके. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि थामस बांध के जर्जर हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराई जायेगी. ताकि संभावित बाढ़ के खतरे को कम किया जा सके. अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन बाढ़ जैसी किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी सौरभ, थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अंशु प्रिया, राजस्व अधिकारी नरेंद्रनाथ आनंद, जिला पार्षद प्रतिनिधि बलराम साह, मुखिया प्रतिनिधि संजय झा, अमित गुप्ता, इमरान, संजय पटेल, मुखिया राजू नायक, बिनोद मिर्धा, भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष परमानंद शर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन