थाना से 500 मीटर दूर धड़ल्ले से बिक रही शराब
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 25 May 2026 7:35 PM
थाना से 500 मीटर दूर धड़ल्ले से बिक रही शराब
– आवेदन के बावजूद कार्रवाई नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश कटिहार बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद बरारी प्रखंड मुख्यालय व थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित रेफरल अस्पताल चौक पर अवैध देसी शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. सुबह से रात तक खुलेआम शराब बिक्री से आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है. ग्रामीणों ने थाने में आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों ने थाने में दिया सामूहिक आवेदन रेफरल अस्पताल चौक निवासी नरेश कुमार चौधरी, राजन कुमार, विजय कुमार दीक्षित, अशोक कुमार, मंजीत सिंह, सुनील कुमार चौधरी, संदीप पासवान, प्रमोद साह, संजीत मेहता, मदन चौधरी, नीरज कुमार, शिवपूजन पासवान, मनीष किशोर, ओमप्रकाश चौधरी, राज कुमार चौधरी, जानकी चौधरी, प्रेम कुमार झा, दीपक कुमार, सुजीत कुमार चौधरी, संजय साह, दिलीप कुमार मिश्रा, आशुतोष तिवारी, राकेश कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बरारी थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में कहा गया कि प्रखंड एवं थाना के निकट रेफरल अस्पताल चौक पर अवैध रूप से खुलेआम शराब का कारोबार हो रहा है. इससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है. शराबियों के उत्पात से महिलाओं और छात्राओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. शराबी पकड़े जाते हैं, कारोबारी को छूट क्यों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस सिर्फ शराब पीने वालों को पकड़ती है, लेकिन यह नहीं पूछती कि शराब कहां से खरीदी. शराबी की निशानदेही पर कारोबारी को क्यों नहीं पकड़ा जाता. ग्रामीणों ने सवाल उठाया. आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से जनता का प्रशासन से विश्वास डगमगा रहा है. स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप आवेदकों ने आशंका जताई कि थाना में तैनात स्थानीय पुलिस कर्मियों की मिलीभगत से तो यह अवैध कारोबार नहीं चल रहा. क्या स्थानीय प्रशासन शराब कारोबारी को शह दे रहा है. ग्रामीणों ने पूछा. जबकि सरकार का सख्त निर्देश है कि नशा कराने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का भी आरोप ग्रामीणों ने बताया कि रेफरल अस्पताल चौक पर सड़क की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध शराब का अड्डा चलाया जा रहा है. ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कटिहार से मामले में सख्त कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक अवैध कारोबारियों पर प्रशासन का कानूनी डंडा नहीं चलेगा, तब तक आम जनता सुरक्षित नहीं रहेगी. थाना प्रभारी से इस संबंध में पक्ष लेने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










