कटिहार में अब घर-घर लगेगा QR Plate, मोबाइल स्कैन करते ही मिलेंगी नगर निगम की सेवाएं

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 18 May 2026 9:15 AM

विज्ञापन

कटिहार में अब घर-घर लगेगा QR Plate

Katihar Smart City Mission: कटिहार नगर निगम ने शहर को डिजिटल और स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. अब घरों पर लगने वाले QR प्लेट को स्कैन करते ही टैक्स, सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी कई सुविधाएं लोगों को घर बैठे मिल सकेंगी.

विज्ञापन

Katihar Smart City Mission: कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट. कटिहार नगर निगम ने वार्ड संख्या 30 से QR प्लेट लगाने की शुरुआत कर दी है. इस पहल का शुभारंभ मेयर उषा देवी अग्रवाल और नगर आयुक्त के निर्देशन में किया गया. नगर निगम का दावा है कि यह व्यवस्था शहर को डिजिटल और स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. पहले दिन करीब दस घरों में QR प्लेट लगाया गया.

वार्ड 30 से शुरू हुई डिजिटल पहल

कटिहार नगर निगम ने स्मार्ट सिटी मॉडल की दिशा में वार्ड संख्या 30 को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना है. इसकी शुरुआत वार्ड पार्षद नितेश सिंह निक्कू के घर से की गयी, जहां पहला QR प्लेट लगाया गया. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में यह व्यवस्था पूरे निगम क्षेत्र में लागू की जाएगी.

मेयर उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि QR बेस्ड डिजिटल सिस्टम से नगर निगम की सेवाएं अधिक पारदर्शी, आधुनिक और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनेंगी. उन्होंने बताया कि इस तकनीक से लोगों को कई सेवाओं की जानकारी और सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी.

मोबाइल स्कैन करते ही मिलेंगी कई सुविधाएं

नगर निगम के अनुसार QR प्लेट लगने के बाद नागरिक मोबाइल से कोड स्कैन कर कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे. इसमें सेनिटेशन, टैक्सेशन, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, शौचालय सफाई समेत कई सुविधाएं शामिल हैं.

नगर आयुक्त संतोष कुमार ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में QR प्लेट लगाने में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच सके.

स्मार्ट सिटी की दिशा में अहम कदम

वार्ड पार्षद नितेश सिंह निक्कू ने बताया कि यह पहल शहर को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में बड़ी शुरुआत है. उन्होंने कहा कि QR प्लेट लगने से लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा.

नगर निगम का मानना है कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिक सेवाएं पहले से अधिक तेज और प्रभावी होंगी. आने वाले समय में यह व्यवस्था कटिहार की नई पहचान बन सकती है.

लोगों में दिखा उत्साह

QR प्लेट लगाने की शुरुआत के बाद वार्ड 30 के लोगों में उत्साह देखने को मिला. कई लोगों ने इसे आधुनिक व्यवस्था की ओर सकारात्मक कदम बताया. नगर निगम की योजना है कि चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में यह सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी.

Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला…

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन