कटिहार सदर अस्पताल में रविवार को ओपीडी बंद, लेकिन इमरजेंसी रहेगी फुल एक्टिव. जानिए किस डॉक्टर की कब है ड्यूटी

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 24 May 2026 7:46 AM

विज्ञापन

OPD

Katihar Sadar Hospital : रविवार को बीमार पड़ने पर घबराने की जरूरत नहीं. कटिहार सदर अस्पताल में 24 घंटे मिलेगी इमरजेंसी सुविधा, तीन शिफ्ट में डॉक्टर रहेंगे तैनात

विज्ञापन

Katihar Sadar Hospital : कटिहार से राज किशोर चौरसिया की रिपोर्ट. अगर रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ जाए तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कटिहार सदर अस्पताल में भले ही रविवार को ओपीडी सेवा बंद रहेगी, लेकिन इमरजेंसी विभाग 24 घंटे पूरी तरह सक्रिय रहेगा. अस्पताल प्रशासन ने गंभीर मरीजों के इलाज के लिए तीन अलग-अलग शिफ्ट में डॉक्टरों की तैनाती की है ताकि किसी भी मरीज को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े.

सुबह से रात तक डॉक्टरों की रहेगी ड्यूटी

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इमरजेंसी वार्ड में डॉ एसपी विनकर मरीजों का इलाज करेंगे. इसके बाद दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक डॉ निकेश कुमार की ड्यूटी रहेगी. वहीं रात 9 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक डॉ दीपक कुमार इमरजेंसी सेवा संभालेंगे. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी डॉक्टरों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है ताकि किसी भी गंभीर मरीज को तुरंत इलाज मिल सके.

हार्ट अटैक से डिलीवरी तक हर सुविधा रहेगी उपलब्ध

सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि रविवार को ओपीडी बंद रहने के बावजूद इमरजेंसी वार्ड में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, अचानक बुखार, डिलीवरी या किसी भी गंभीर स्थिति में मरीज सीधे इमरजेंसी विभाग पहुंच सकते हैं. अस्पताल में 24 घंटे ऑक्सीजन, जरूरी दवाएं, पैथोलॉजी जांच और एक्स-रे की सुविधा जारी रहेगी.

उन्होंने कहा कि रविवार को अस्पताल में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी ताकि किसी मरीज को इलाज के दौरान परेशानी न हो. खासकर गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए मरीजों की संख्या बढ़ने की संभावना को ध्यान में रखकर तैयारी की गई है.

सोमवार से फिर सामान्य तरीके से चलेगी ओपीडी

अस्पताल उपाधीक्षक ने जानकारी दी कि सोमवार से सभी विभागों की ओपीडी फिर से सामान्य समय पर शुरू हो जाएगी. सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक मरीज डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे. अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड साथ लेकर आएं ताकि मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ मिल सके.

Also Read: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सुरक्षा बढ़ी, पहले से रची गई थी हमले की साजिश, तीसरा आरोपी अब भी फरार

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन