कटिहार के सार्वजनिक श्री दुर्गा मंदिर के लिए नई न्यास समिति का गठन, प्रबंधन और विकास की मिली जिम्मेदारी

विज्ञापन

सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में स्थापित संगमरमर की प्रतिमा | Prabhat Khabar Network

कटिहार के सार्वजनिक श्री दुर्गा मंदिर को नई न्यास समिति मिल गई है. बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने मंदिर के संचालन, प्रबंधन और विकास के लिए पांच साल के कार्यकाल वाली समिति का गठन किया है. नई समिति तत्काल प्रभाव से मंदिर की प्रशासनिक, धार्मिक और वित्तीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी.

विज्ञापन

Katihar News: कटिहार शहर के प्रमुख धार्मिक केंद्र सार्वजनिक श्री दुर्गा मंदिर, दुर्गा स्थान के प्रबंधन को लेकर लंबे समय से चल रही प्रक्रिया अब पूरी हो गई है. बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने मंदिर के संचालन और विकास के लिए नई न्यास समिति का गठन किया है. यह समिति बिहार हिंदू धार्मिक न्यास अधिनियम, 1950 की धारा-32 के तहत गठित की गई है और इसका कार्यकाल पांच वर्ष निर्धारित किया गया है.

पर्षद की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार नई समिति तत्काल प्रभाव से कार्य करेगी और मंदिर की प्रशासनिक, धार्मिक और वित्तीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी.

नई समिति में किन्हें मिली जिम्मेदारी

बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटिहार के अनुमंडल पदाधिकारी को पदेन अध्यक्ष बनाया गया है.

समिति में अनुपम सुमन को उपाध्यक्ष, शिव प्रकाश गाड़ोदिया को सचिव और नवीन चंद्र गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. इसके अलावा राजीव जायसवाल, विमल सिंह बैगानी, डीएल मंडल, गोपाल वर्णवाल, शंकर गुप्ता, प्रभाकर झा और परमानंद पोद्दार को सदस्य बनाया गया है.

मंदिर की संपत्ति और आय पर रहेगी निगरानी

नई न्यास समिति को मंदिर की चल-अचल संपत्ति के संरक्षण, प्रबंधन और समुचित विकास की जिम्मेदारी दी गई है.

समिति को मंदिर से होने वाली आय और व्यय का नियमित विवरण धार्मिक न्यास पर्षद को उपलब्ध कराना होगा. मंदिर की स्थायी आय का लेखा-जोखा संधारित किया जाएगा और राष्ट्रीयकृत बैंक में न्यास के नाम से खाता संचालित होगा.

बैंक खाते का संचालन सचिव और कोषाध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से किया जाएगा तथा सभी वित्तीय लेन-देन भी संयुक्त हस्ताक्षर से ही होंगे.

पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

पर्षद ने नई समिति को मंदिर में पूजा-अर्चना, राग-भोग, अतिथि सेवा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का समुचित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

मंदिर परिसर की स्वच्छता, पवित्रता और गरिमा बनाए रखने के साथ-साथ महिला श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है.

समिति मंदिर परिसर में दानपात्रों की व्यवस्था करेगी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दानपात्र खोलकर प्राप्त राशि बैंक खाते में जमा करेगी.

संपत्ति बेचने या लीज पर देने पर पूरी तरह रोक

धार्मिक न्यास पर्षद ने स्पष्ट किया है कि समिति का कोई भी पदाधिकारी या सदस्य मंदिर की किसी भूमि या संपत्ति का हस्तांतरण, बिक्री, विक्रय, पट्टा या लीज नहीं कर सकेगा.

ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. साथ ही न्यास संपत्ति के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग पर भी रोक रहेगी.

समिति को प्रत्येक तिमाही बैठक आयोजित करने और आय-व्यय का नियमित लेखा रखने का निर्देश दिया गया है. मंदिर परिसर में किसी भी विकास कार्य से पहले पर्षद की स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा.

Katihar News: लंबे समय से लंबित थी समिति गठन की प्रक्रिया

अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2023 में गठित 11 सदस्यीय न्यास समिति का कार्यकाल केवल एक वर्ष के लिए था.

बाद में समिति के भीतर मतभेद और अन्य परिस्थितियों के कारण उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष ने त्यागपत्र दे दिया था. इसके बाद बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने धारा-33 के तहत कटिहार के अनुमंडल पदाधिकारी को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया था.

नई समिति के गठन के लिए जिला पदाधिकारी से सदस्यों के नाम मांगे गए थे. निर्धारित समय में नाम उपलब्ध नहीं होने पर अनुमंडल पदाधिकारी ने 7 जुलाई 2026 को 10 लोगों की सूची पर्षद को भेजी थी, जिसके आधार पर अब नई न्यास समिति का गठन किया गया है.

5 अगस्त 2026 को जारी आदेश में पर्षद ने नई समिति को तत्काल प्रभाव से निर्धारित योजना के अनुसार कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया है.

Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ

Also Read: बांकीपुर में BJP की हार की अंदरूनी कहानी, समीक्षा बैठक में खुलीं कई परतें, नैरेटिव से लेकर राशन कार्ड तक पर हुई चर्चा


विज्ञापन
सूरज कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By सूरज कुमार गुप्ता

सूरज कुमार गुप्ता पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया में एक्टिव है. वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत की. राजनीतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारिता करना इनकी रुचि में शामिल है. सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2007 में इन्हें भारत सरकार की ओर से तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया था.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन