कटिहार में जमीन पर कब्जे की कोशिश या पुराना विवाद? आदिवासी महिला का घर तोड़ा, गांव में बढ़ा तनाव

Katihar News: कटिहार के मनसाही में भूमि विवाद के बीच आदिवासी महिला का घर तोड़े जाने का आरोप. पुलिस ने जांच शुरू की, गांव में तनाव का माहौल.
मनसाही (कटिहार) से ललित कुमार की रिपोर्ट
Katihar News: कटिहार के मनसाही थाना क्षेत्र में भूमि विवाद ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है. सोमवार सुबह कुरेठा पंचायत के बकरीपुर चौक के पास वर्षों से रह रही एक आदिवासी महिला का घर तोड़े जाने का मामला सामने आया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा के साथ न्याय की गुहार लगाई है.
पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते थे. विरोध करने पर उनके घर की टाटी की दीवार तोड़ दी गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और मामला थाने तक पहुंच गया.
वर्षों से रह रहे परिवार पर अचानक कार्रवाई से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार पीड़िता राजवती देवी मनसाही थाना क्षेत्र के कुरेठा पंचायत स्थित बकरीपुर चौक के पास बंदोबस्त की जमीन पर अपने बच्चों के साथ लंबे समय से रह रही हैं. उनका कहना है कि इसी जमीन पर उन्होंने अपना घर बनाया और वर्षों से यहीं जीवन-यापन कर रही हैं.
सोमवार सुबह कुछ लोग वहां पहुंचे और घर की तीन टाटी की दीवार को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. आरोप है कि यह कार्रवाई जमीन पर कब्जा करने की मंशा से की गई.
पीड़िता का दावा- जमीन के कागजात होने के बावजूद तोड़ा घर
राजवती देवी का कहना है कि उनके पास जमीन से जुड़े आवश्यक कागजात मौजूद हैं. इसके बावजूद कुछ लोग दबंगई के बल पर उन्हें वहां से हटाने की कोशिश कर रहे हैं.
उनका आरोप है कि विवाद करने वाले लोग भी उसी गांव के हैं और स्वजातीय समुदाय से जुड़े बताए जा रहे हैं. इस वजह से परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है.
Katihar News: थाने पहुंचा मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद राजवती देवी के पुत्र मुनेश्वर उरांव मनसाही थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और भूमि से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बांकीपुर उपचुनाव के ऐलान के बाद हटने लगे पोस्टर बैनर.
गांव में तनाव, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद बकरीपुर चौक और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से मतभेद चल रहा था, जो अब खुलकर सामने आ गया है.
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
Also Read: लाखों खर्च के बाद भी बदहाल घाटशिला, जाम नालियां, सड़कों पर जलजमाव और कचरे के ढेर से लोग परेशान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










