अपराध से शिक्षा, खेल और सरकारी नौकरी की ओर बढ़ता जुराबगंज गांव

Published by : RAJKISHOR K Updated At : 29 May 2026 6:36 PM

विज्ञापन

अपराध से शिक्षा, खेल और सरकारी नौकरी की ओर बढ़ता जुराबगंज गांव

विज्ञापन

कोढ़ा प्रखंड के जुराबगंज गांव जो कभी देशभर में कुख्यात कोढ़ा गैंग की आपराधिक गतिविधियों विशेषकर छीना-झपटी व चोरी जैसी घटनाओं के कारण बदनाम था. अब धीरे-धीरे अपनी पहचान बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. कभी यह क्षेत्र अपराध की वजह से सुर्खियों में रहता था. लेकिन आज यही गांव शिक्षा, खेल और सरकारी रोजगार की नई उम्मीदों के साथ एक सकारात्मक बदलाव की कहानी लिख रहा है. गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि एक समय था जब यहां के कई युवा गलत राह पर चले गए थे. गरीबी, शिक्षा की कमी और जागरूकता के अभाव ने हालात को और गंभीर बना दिया था. कोढ़ा गैंग नाम से बदनाम यह नेटवर्क कई वर्षों तक चर्चा में रहा. जिससे पूरे क्षेत्र की छवि प्रभावित हुई. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में सामाजिक संगठनों, स्थानीय प्रशासन और जागरूक लोगों के प्रयासों से स्थिति में सुधार शुरू हुआ. आज जुराबगंज गांव में बदलाव की हवा साफ महसूस की जा सकती है. अब यहां के युवा अपराध की राह छोड़कर किताबों और स्कूल-कॉलेज की ओर बढ़ रहे हैं. कई परिवार, जो पहले अपने बच्चों को पढ़ाने में हिचकिचाते थे. अब शिक्षा को प्राथमिकता देने लगे हैं. गांव में छोटे-छोटे शिक्षा केंद्र और ट्यूशन क्लासेस भी चलाए जा रहे हैं. जहां गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की पहल की गई है. गांव के कुछ युवाओं ने यह जिम्मेदारी खुद उठाई है कि वे नई पीढ़ी को गलत रास्ते पर जाने से रोकेंगे. ये युवा न केवल बच्चों को पढ़ा रहे हैं, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं. उनका कहना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे गांव की पुरानी छवि को बदला जा सकता है. इसी बीच खेल के क्षेत्र में भी गांव के युवाओं ने अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है. कई बच्चे और किशोर अब फुटबॉल, क्रिकेट और दौड़ जैसे खेलों में हिस्सा ले रहे हैं. स्थानीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भी इनकी भागीदारी बढ़ी है. खेल प्रशिक्षकों का मानना है कि अगर इन्हें उचित संसाधन और प्रशिक्षण मिले तो यह युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं. सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि अब गांव के कुछ युवा सरकारी नौकरियों में भी चयनित हो चुके हैं. यह पूरे गांव के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है. जिन परिवारों ने कभी यह सोचा भी नहीं था कि उनके बच्चे सरकारी नौकरी तक पहुंच पाएंगे. आज वे गर्व महसूस कर रहे हैं. इन सफल युवाओं की कहानियां अब अन्य बच्चों को भी प्रेरित कर रही हैं कि मेहनत और शिक्षा से जीवन बदला जा सकता है. प्रशासनिक सख्ती का भी बड़ा योगदान रहा स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बदलाव के पीछे सामाजिक जागरूकता अभियानों और प्रशासनिक सख्ती का भी बड़ा योगदान रहा है. पुलिस और प्रशासन ने अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया. जिससे युवाओं में डर के बजाय सुधार की भावना पैदा हुई. साथ ही गैर-सरकारी संगठनों ने भी शिक्षा और कौशल विकास पर काम किया. गांव में अब यह सोच विकसित हो रही है कि अपराध कोई समाधान नहीं है, बल्कि यह जीवन को और कठिन बना देता है. युवा पीढ़ी अब अपने भविष्य को लेकर ज्यादा गंभीर हो रही है. मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग ने भी उन्हें नई जानकारी और अवसरों से जोड़ा है. चुनौतियां अब भी बरकरार चुनौतियां अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं. कुछ सामाजिक और आर्थिक समस्याएं अब भी मौजूद हैं. जैसे गरीबी, बेरोजगारी और संसाधनों की कमी. लेकिन पहले की तुलना में स्थिति काफी बेहतर हुई है. ग्रामीणों का मानना है कि अगर इसी तरह शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ते रहे, तो आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र पूरी तरह अपनी नकारात्मक छवि से बाहर निकल सकता है. गांव के शिक्षकों का कहना है कि बच्चों में अब सीखने की ललक बढ़ी है. पहले जहां स्कूलों में उपस्थिति कम रहती थी, अब छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है. माता-पिता भी अपने बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने लगे हैं। यह बदलाव धीरे-धीरे एक मजबूत सामाजिक परिवर्तन का संकेत दे रहा है.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन