सुरक्षा, शिक्षा और योजनाओं के क्रियान्वयन पर तीखी बहस

सुरक्षा, शिक्षा और योजनाओं के क्रियान्वयन पर तीखी बहस
पंचायत समिति सदस्यों की समान्य हुई बैठक उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी समेली प्रखंड मुख्यालय समेली के सभागार में प्रमुख अनुकंपा कुमारी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की सामान्य बैठक का आयोजन,संचालन बीडीओ सत्येंद्र सिंह ने किया. शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई. इसके बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, बाल विकास परियोजना, राजस्व, मनरेगा, आपूर्ति, पंचायती राज, सहकारिता सहित 11 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में सबसे अधिक चिंता स्कूलों के आसपास बिगड़ते माहौल को लेकर जताई गई. समिति सदस्यों ने कहा कि कई इंटरमीडिएट व हाई स्कूलों के पास असामाजिक तत्वों, नशेड़ियों और शराबियों का जमावड़ा लग रहा है. जिससे किसी भी समय गंभीर घटना की आशंका बनी रहती है. इस पर प्रशासन से गश्ती बढ़ाने, नियमित जांच और संदिग्ध युवकों से पूछताछ करने की मांग की गई. खासकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया, साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती से रोक लगाने की मांग भी उठी. बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों का आक्रोश खुलकर सामने आया, समिति सदस्य अमरेंद्र माधव ने कई विभागीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे बैठक की गंभीरता पर असर पड़ता है. सदस्य धनेश्वर मंडल ने कहा कि वर्ष 2023 से उठाए जा रहे मुद्दों पर अब तक विभागीय स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है. मुखिया राजकुमार भारती ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब समस्याओं पर अमल ही नहीं होना है, तो बार-बार मुद्दा उन्हें उठाने का क्या औचित्य है, मुखिया मनीष ठाकुर ने भी कहा कि उनके पंचायत की समस्याएं कई बैठकों में रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. बीडीओ सत्येंद्र सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही, साथ ही उन्होंने पूर्व में संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और योजनाओं के अधिकार व व्यय से संबंधित जानकारी साझा की,प्रखंड प्रमुख अनुकंपा कुमारी ने बैठक को सफल बताते हुए सभी पदाधिकारियों, कर्मियों और जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद दिया. बैठक में थानाध्यक्ष नवीन कुमार, सीडीपीओ कुमारी स्नेहलता, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विमल प्रसाद, बीएओ भानु भवेश, पशु चिकित्सा पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह, बीसी संतोष गुप्ता, उपप्रमुख कंचन देवी सहित कई पंचायत समिति सदस्य, मुखिया व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




