एमडीएम में फिर लापरवाही, नवग्राम स्कूल में भोजन में मिला सिर का बाल, बच्चों में आक्रोश
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 11 Apr 2026 6:56 PM
एमडीएम में फिर लापरवाही, नवग्राम स्कूल में भोजन में मिला सिर का बाल, बच्चों में आक्रोश
– लगातार मिल रही शिकायतों से अभिभावकों में डर, जांच के नाम पर खानापूर्ति से नहीं हो रहा सुधार बारसोई प्रखंड के लगुआ पंचायत स्थित मध्य विद्यालय नवग्राम में एक बार फिर मध्यान भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. शुक्रवार को बच्चों को परोसे गए भोजन में सिर का बाल मिलने के बाद विद्यालय में असंतोष का माहौल उत्पन्न हो गया. बच्चों ने भोजन करने से इनकार कर दिया और व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जतायी. स्थानीय अभिभावकों में मकबूल आलम, अलाउद्दीन, नाजिर आदि ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है. अभिभावकों ने कहा, अब वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर महसूस कर रहे हैं. एमडीएम की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है. बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद से ही एमडीएम को लेकर शिकायतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. कभी भोजन में गंदगी, तो कभी बाहरी वस्तुएं मिलने की शिकायत सामने आ रही है. इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सिर्फ जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है. लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं दिख रहा. प्रधानाध्यापिका रीना कुमारी ने बताया कि इससे पहले भी एमडीएम में बाल मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है. जांच कर उचित कार्रवाई की जायगी. बार-बार एक ही तरह की घटनाएं सामने आना व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करता है. हाल ही में मध्य विद्यालय धंचना में भी एमडीएम के भोजन में प्लास्टिक का टुकड़ा मिलने का मामला सामने आया था. पूरे प्रखंड में एमडीएम की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. हैरानी की बात यह है कि शुक्रवार को ही जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया था. दूसरे दिन इस तरह की लापरवाही सामने आना प्रशासनिक निगरानी की पोल खोलता है. जिला प्रशासन से मांग की है कि एमडीएम व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी संवेदक एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाय.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










