पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दी थी आधुनिक सोच, तकनीकी विकास
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 21 May 2026 11:40 PM
विज्ञापन
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने दी थी आधुनिक सोच, तकनीकी विकास
विज्ञापन
बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की पुण्यतिथि
कटिहार. कटिहार में पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई. कटिहार कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव की अध्यक्षता में मिरचाईबाड़ी स्थित आवासीय कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. देश के लिए उनके योगदान को याद किया. मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक सोच, तकनीकी विकास और युवा नेतृत्व की नई दिशा दी. उन्होंने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और कंप्यूटर, दूरसंचार तथा शिक्षा क्षेत्र में कई ऐतिहासिक पहल कर भारत के विकास की मजबूत नींव रखी. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि आधुनिक भारत के दूरदर्शी नेता थे. उन्होंने युवाओं को राजनीति और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया. उनकी सोच और नीतियों ने देश को नई दिशा देने का काम किया. जिसे आज भी देश याद करता है. उन्होंने कहा कि राजीव गांधी हमेशा देश की एकता, अखंडता और युवाओं की ताकत पर भरोसा करते थे. राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में विकास और आधुनिक तकनीक की जिस सोच को आगे बढ़ाया, उसी का परिणाम है कि आज भारत डिजिटल और तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है. किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास ने कहा कि राजीव गांधी ने गांव, गरीब, किसान और युवाओं के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी. पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ उन्होंने देश में तकनीकी क्रांति की शुरुआत कर भारत को नई पहचान दिलाई. श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलकर पार्टी और देश को मजबूत बनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में प्रो विनोद यादव, अरुण यादव, दिलीप विश्वास, डॉ विपिन सिंह, सिकंदर मंडल, अखिलेश पोद्दार, जहांगीर, जुबेर, भारती देवी, संतोष यादव, देव बाबू, मिहिर झा, गोपाल यादव, सुबोध कुमार, इम्तियाज, रंजीत ठाकुर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










