मरम्मत के इंतजार में घुरना तटबंध, 15 हजार आबादी पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

Updated:
विज्ञापन
मजबूती नहीं मिलने से बाढ़ दबाव में तटबंध टूटने का बना है खतरा

पोखर के समीप तटबंध की स्थित,

क्षेत्र में नदियों के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ की आशंका बढ़ गई है. घुरना स्कूल से बल्थी-महेशपुर तक सड़क सह तटबंध की जर्जर स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है. समय पर मरम्मत न होने पर 15 हजार लोगों की आबादी पर खतरा मंडरा रहा है.

विज्ञापन

कटिहार : क्षेत्र में नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच संभावित बाढ़ को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है. बाढ़ सुरक्षा के लिए बनाए गए घुरना स्कूल से बल्थी-महेशपुर गांव तक सड़क सह तटबंध की स्थिति जर्जर हो चुकी है. कई स्थानों पर तटबंध क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तटबंध की मरम्मत नहीं हुई तो इस वर्ष भी बाढ़ बड़ी तबाही ला सकती है.

कई स्थानों पर कमजोर हो चुका है तटबंध

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले वर्ष भी बाढ़ के दबाव में तटबंध क्षतिग्रस्त हुआ था. इस बार बाढ़ से पहले इसके सुदृढ़ीकरण की उम्मीद थी, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. विशेष रूप से बल्थी-महेशपुर गांव के पोखर के समीप तटबंध की ऊंचाई और मिट्टी भराई कम होने से कटाव का खतरा अधिक बना हुआ है.

15 हजार आबादी पर मंडरा रहा खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बाढ़ का पानी तटबंध के ऊपर से बहा या तटबंध टूट गया तो बल्थी-महेशपुर सहित आसपास के कई गांवों की करीब 15 हजार आबादी प्रभावित हो सकती है. यह सड़क सह तटबंध केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बाढ़ से सुरक्षा की महत्वपूर्ण ढाल भी है.

लगातार बारिश से बढ़ी चिंता

पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण गंगा और कोसी सहित अन्य नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. इससे क्षेत्र में बाढ़ का खतरा और गहरा गया है. ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध की समय रहते मरम्मत नहीं होने से स्थिति गंभीर हो सकती है.

मुखिया ने फिर उठाई मरम्मत की मांग

उत्तरी मुरादपुर पंचायत के मुखिया अविनाश सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित दिशा की बैठक में उन्होंने घुरना-बल्थी-महेशपुर सड़क सह तटबंध की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था. इसके बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि संभावित बाढ़ से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सुरक्षित रखा जा सके.


विज्ञापन
अजीत ठाकुर

लेखक के बारे में

By अजीत ठाकुर

अजीत ठाकुर प्रिंट माध्यम में 28 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुरसेला (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन