ट्रेन में विद्युतकर्मी की हत्या का खुलासा, पत्नी, प्रेमी और सुपारी किलर गिरफ्तार

आरोपित पत्नी, प्रेमी व सुपारी किलर गिरफ्तार
जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई विद्युतकर्मी देवकुमार गुंजन की हत्या का रेल पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक सुपारी किलर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का दावा है कि यह हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी.
Railway Murder Case: जनसाधारण एक्सप्रेस में विद्युतकर्मी देवकुमार गुंजन की हत्या के मामले का रेल पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. रेल पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी समिता कुमारी, उसके कथित प्रेमी अजीत कुमार और कथित सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज की गिरफ्तारी हुई है. पुलिस का दावा है कि हत्या सुनियोजित साजिश के तहत कराई गई थी.
सुपौल जा रहे थे विद्युतकर्मी, ट्रेन में मारी गई गोली
रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि जमुई में पदस्थापित विद्युतकर्मी देवकुमार गुंजन अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने सुपौल जा रहे थे. यात्रा के दौरान जनसाधारण एक्सप्रेस में रेल थाना मानसी क्षेत्र के बदलाघाट के समीप अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल देवकुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद मानसी रेल थाना में मामला दर्ज किया गया था.
एसआईटी के गठन के बाद खुली साजिश की परतें

घटना के उद्भेदन के लिए बरौनी रेल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर रेल जिला कटिहार की एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया.
पत्नी और कथित प्रेमी पर साजिश रचने का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित अजीत कुमार, पिता अशोक साव, साहो बिगहा, थाना घोषी, जिला जहानाबाद ने पूछताछ में बताया कि उसका समिता कुमारी के साथ प्रेम संबंध था और देवकुमार गुंजन उनके संबंधों में बाधा बन रहे थे. पुलिस का दावा है कि दोनों ने मिलकर कथित तौर पर दो लाख रुपये की सुपारी देकर ट्रेन में हत्या कराने की योजना बनायी.
जहानाबाद का कथित शूटर भी गिरफ्तार
मामले में गिरफ्तार तीसरे आरोपित की पहचान राजू कुमार उर्फ धीरज, पिता जेहल यादव, सुजातपुर, थाना घोषी, जिला जहानाबाद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार वह हत्या को अंजाम देने वाला कथित शूटर है. पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की जांच की जा रही है.
View on Instagram
आपराधिक इतिहास की जांच, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
Railway Murder Case: रेल एसपी ने बताया कि राजू कुमार उर्फ धीरज के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर था. घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान पूरा कर सभी दोषियों के विरुद्ध त्वरित ट्रायल चलाने का प्रयास किया जायेगा.
और पढ़ें : कटिहार के 2,593 स्कूलों में लगेंगे 1.81 लाख पौधे, 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










