कटिहार में टूटे बिजली तार ने उजाड़ा परिवार, करंट की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौत, चार मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 24 May 2026 3:23 PM

विज्ञापन

जानकारी प्राप्त करती पुलिस

Electrocution Death: शनिवार रात आई आंधी-बारिश के बाद बिजली विभाग की एक लापरवाही ने कटिहार में हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया. सुबह मवेशी को लेकर खेत की तरफ गए एक युवक की करंट की चपेट में आने से तड़प-तड़प कर मौत हो गई.

विज्ञापन

Electrocution Death: कटिहार से राणा सिंह की रिपोर्ट: कटिहार नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या चार स्थित तेजा टोला मोहल्ले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं. रविवार सुबह खेत में गिरे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक राहुल कुमार की दर्दनाक मौत हो गई. इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद पूरे इलाके में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक अपने पूरे परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था.

आंधी से टूटकर पानी भरे खेत में गिरा था तार, मवेशी चराने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात क्षेत्र में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली का मुख्य तार टूटकर पास के एक खेत में गिर गया था. रात भर हुई बारिश के कारण खेत में काफी पानी जमा था, जिससे पूरे पानी में करंट फैल गया था. रविवार सुबह राहुल कुमार अपनी गाय को लेकर खेत की ओर चराने गए थे. इसी दौरान जैसे ही वे अनजाने में पानी भरे खेत के भीतर उतरे, वहां पहले से मौजूद तेज करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए.

मासूम बच्चों ने दी सूचना, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास में ही खेल रहे कुछ छोटे बच्चों ने राहुल को अचानक खेत में गिरते और छटपटाते देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत दौड़कर परिजनों को इस बात की सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार वाले और स्थानीय ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में बिजली विभाग को फोन कर विद्युत आपूर्ति (पावर सप्लाई) बंद कराई गई. इसके बाद बेहद गंभीर अवस्था में राहुल को इलाज के लिए तुरंत स्थानीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू की.

ई-रिक्शा चलाकर पालते थे पेट, बूढ़ी मां और चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक राहुल कुमार शहर में ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके कंधों पर चार छोटे-छोटे मासूम बच्चों, वृद्ध मां और एक अनाथ भतीजी की जिम्मेदारी थी. राहुल की असमय और दर्दनाक मौत के बाद पूरा परिवार पूरी तरह बिखर गया है. मृतक की पत्नी और बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल है, और घर के कमाऊ सदस्य के चले जाने से भविष्य का संकट खड़ा हो गया है.

बिजली विभाग के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, मुआवजे और नौकरी की मांग

इस दर्दनाक हादसे के बाद तेजा टोला के ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है. लोगों का सीधा आरोप है कि इतनी तेज आंधी-तूफान आने के बावजूद विभाग द्वारा टूटे तारों की समय पर पेट्रोलिंग (निगरानी) नहीं की गई और न ही समय रहते फीडर से बिजली काटी गई, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ.

आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा दिया जाए, बच्चों की पढ़ाई के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा मृतक की आश्रित पत्नी को जीवन-यापन के लिए सरकारी नौकरी दी जाए.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन