कटिहार शहर में ड्रेनेज निर्माण कार्य लोगों के लिए बना सिरदर्द

कटिहार शहर में ड्रेनेज निर्माण कार्य लोगों के लिए बना सिरदर्द
– अधूरे काम व जलजमाव से लोग परेशान कटिहार शहर में चल रहा ड्रेनेज सिस्टम का कार्य इन दिनों आमलोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है. एक ओर जहां यह योजना शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई थी. दूसरी ओर इसकी धीमी गति व अव्यवस्थित कार्यशैली ने लोगों की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं. ड्रेनेज सिस्टम का कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा नहीं हो सका है. वर्षों से यह परियोजना अधूरी पड़ी हुई है. वर्तमान में भी काम की रफ्तार काफी धीमी बनी हुई है. शहर के विभिन्न इलाकों में जगह-जगह सड़कों को खोद दिया गया है. जिससे आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एक स्थान पर काम चल रहा होता है तो कुछ ही दूरी पर दूसरी जगह भी सड़क खुदी मिलती है. जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. लोगों ने कहा, कार्य को लेकर कोई ठोस मास्टर प्लान नजर नहीं आता. बिना समुचित योजना के इधर-उधर काम शुरू कर दिया जाता है. जिससे न तो काम समय पर पूरा हो पा रहा है और न ही लोगों को राहत मिल रही है. शहर में शायद ही कोई ऐसी मुख्य सड़क बची हो., जहां ड्रेनेज सिस्टम का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका हो. अधिकांश जगहों पर अधूरा काम और खुदी हुई सड़कें ही नजर आती हैं. शहर की सबसे व्यस्ततम सड़कों में शामिल सदर अस्पताल रोड की स्थिति और भी बदतर हो गई है. कालीबाड़ी के पास ड्रेनेज निर्माण कार्य के कारण नाले के पानी को रोक दिया गया है. इसके विकल्प के रूप में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. नतीजा नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल गया है. जिससे लोगों को गंदगी और बदबू के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है. स्थानीय निवासी मनोज कुमार, गीता देवी, अरविंद सहनी व अरुण सोनकर सहित कई लोगों ने इस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि पिछले चार वर्षों से अधिक समय से शहर में ड्रेनेज सिस्टम का काम चल रहा है. लेकिन अब तक किसी भी प्रमुख सड़क पर इसे पूरी तरह पूरा नहीं किया गया है. हर जगह अधूरे कार्य पड़े हुए हैं. जिससे लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का यह भी आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. सदर अस्पताल रोड पर फैले गंदे पानी की निकासी के लिए पंपिंग सेट जैसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है. जिससे स्थिति और बिगड़ती जा रही है. लोगों को मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. इसके अलावा, ड्रेनेज कार्य के कारण शहर में जगह-जगह जाम की समस्या भी आम हो गई है. संकरी सड़कों और खुदाई के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं. जिससे लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है. स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




